हल्द्वानी: आंसुओं का सैलाब देखा, बुजुर्गों की सिसकियां सुनीं हमने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा पहुंचा समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल यहां लोगों से मिला। उनके बातें सुनीं और दुख-दर्द जाना। प्रतिनिधि मंडल ने बनभूलपुरा वालों को उजाड़े जाने को एक साजिश करार दिया और सीधे तौर पर इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। दावा कि अगर सुप्रीम कोर्ट से हारे तो प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से इस मामले में दखल की गुजारिश करेंगे। 
 

बता दें कि रेलवे भूमि पर काबिज लोगों को हटाए जाने के आदेश के बाद पूरे मामले में जानकारी जुटाने और लोगों से हकीकत जानने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुरादाबाद के सांसद एसटी हसन के नेतृत्व में दस सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल भेजा। लोगों से मिलने और हकीकत जानने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए सांसद हसन ने कहा, अखिलेश यादव ने हमें यहां के लोगों का दुख-दर्द देखने भेजा है।

हम इस क्षेत्र में घूमे। हमने आसुओं का सैलाब देखा और बुजुर्गों की सिसकियां सुनी। जो हालात इन लोगों पर गुजर रहे हैं, शायद हिंदुस्तान में कभी किसी पर गुजरे हों। सौ, डेढ़ सौ साल से लोग यहां रह रहे हैं, उनको उजाड़ने की साजिश की जा रही है। जो रेलवे की जमीन बताई जा रही है, रेलवे के पास कौन सी ऐसी अथॉरिटी थी कौन से ऐसे कागज हैं उनके पास, जो उन्होंने दिए है। उन्होंने सवाल उठाया कि रेलवे के पास डेढ़ सौ साल पहले जमीन कहां से आई। 
 

हम समझते हैं कि इस तरह इंसानों को उजाड़ना पूरी दुनिया में किसी भी देश के लिए बहुत बड़ी बदनामी का सबब बनेगा। आरोप लगाया कि ये 52 हजार लोगों को उजाड़ने की साजिश है और खता उनकी ये है कि उन्होंने वोट नहीं दिया। इस सिलसिले में सपा सुप्रीम कोर्ट भी गई है। हमारे नेता हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी और सुऐब अहमद जंग लड़ रहे हैं। हम संसद में मुद्दा उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो रेल मंत्री और प्रधानमंत्री से यहां के प्रतिनिधि मंडल को मिलाएंगे।

बनभूलपुरा पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में सांसद एसटी हसन, विधायक व पूर्व मंत्री अताउर रहमान, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष एसके राय, पूर्व विधायक पूरनपुर अरशद खान, उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, उत्तराखंड प्रमुख महासचिव सोएब अहमद सिद्दीकी, उत्तराखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश परिहार, पंजाब व चंडीगढ़ के प्रदेश प्रभारी कुलदीप सिंह भुल्लर व पूर्व विधायक सुल्तान बेग थे।  

संबंधित समाचार