हल्द्वानी: नेशनल मीडिया के खिलाफ बनभूलपुरा में फूटा आक्रोश
हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा में रेलवे भूमि पर काबिज लोगों को हटाए जाने का मामला राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ चुका है। मामले की कवरेज के लिए बुधवार को कई बड़े न्यूज चैनल के पत्रकार भी बनभूलपुरा पहुंचे, लेकिन उन्हें लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। महिला पत्रकारों पर कागज के गोले बनाकर फेंके और गोदी मीडिया गो बैक, गो बैक के नारे लगे।
दरअसल, बुधवार को इस मामले समाजवादी पार्टी का एक बड़ा प्रतिनिधि मंडल बनभूलपुरा पहुंचा और इसकी कवरेज के लिए स्थानीय मीडिया के साथ कई बड़े न्यूज चैनक के पत्रकार भी पहुंचे। यहां पहले से जमा सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी। भीड़ ने एक न्यूज चैनल की महिला पत्रकार व उनके साथियों को घेर लिया। आरोप लगाया कि उन्हें और उनकी बातों चैनल में षडयंत्र के तहत चलाया जा रहा है। इस पर माहौल बिगड़ने जैसी स्थित पैदा हो गई।
लोगों ने पत्रकारों पर कागज के गोले फेंकने शुरू कर दिए। भारी भीड़ गोदी मीडिया गो बैक, गो बैक के नारे लगाने लगी। इस बीच कुछ सभ्रांत लोगों ने भीड़ को शांत कराने की कोशिश भी की। सूचना पर बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद पत्रकार किसी तरह भीड़ के बीच से निकलने में कामयाब हुए।
