हल्द्वानी: मुख्यमंत्री धामी के हेलीकॉप्टर की एफटीआई मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हेलीकॉप्टर की बुधवार को हल्द्वानी में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। रुद्रपुर में घना कोहरा होने के कारण हेलीकॉप्टर हल्द्वानी में उतारा गया। बाद में सीएम सड़क मार्ग से रुद्रपुर के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री धामी को बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर जिला मुख्यालय पहुंचना था। देहरादून से हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी लेकिन रुद्रपुर में घना कोहरा होने की वजह से वहां लैंडिंग होना मुश्किल था।
ऐसे में हल्द्वानी में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करने का फैसला लिया गया। इसकी सूचना लगते ही प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने आनन फानन में तैयारियां कीं। प्रशासन ने एफटीआई मैदान में हेलीकॉप्टर उतारने का फैसला किया। पुलिस ने वीआईपी मूवमेंट के तहत रूट प्लान तैयार किया।
डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भट्ट समेत कई अधिकारी एफटीआई पहुंच गए। दोपहर में करीब ढाई बजे उनका हेलीकॉप्टर एफटीएआई मैदान में उतारा गया। यहां गार्द ने उन्हें सलामी दी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, प्रकाश हर्बोला, आनंद सिंह दरम्वाल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सीएम धामी सड़क मार्ग से रुद्रपुर के लिए रवाना हो गए। तब कहीं जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
