अयोध्या : पीएनबी कर्मियों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन
कर्मचारियों का उत्पीड़न करने व विशेष सहायक पदों पर चयन में मनमानी का लगाया आरोप
अमृत विचार, अयोध्या। पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ यूनियन के सदस्यों ने बुधवार को मंडल कार्यालय अयोध्या परिसर में बैंक प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि अयोध्या मंडल का बैंक प्रबंधन कर्मचारियों की समस्याओं के निदान के बजाय पूर्वाग्रह युक्त रवैया अपनाते हुए कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहा है।
कर्मचारियों की समस्याओं का निदान नियमानुसार भी नहीं किया जा रहा है। हाल ही में विशेष सहायक पदों के लिए चयन प्रक्रिया में बैंक के परिपत्रों और बैंक के साथ हुए समझौतों की शर्तो का खुला उल्लंघन किया गया। जानबूझ कर बहुमत में कर्मचारियों को अनुपयुक्त घोषित किया गया।
विशेष सहायक पदों के चयन के लिये बैंक के साथ सम्पन्न समझौते के अनुसार केवल मौखिक साक्षात्कार की जगह अभ्यर्थियों को लिखित प्रश्नपत्र ( कुल 25 प्रश्न) दिए गए और उसके बाद मौखिक साक्षात्कार भी लिए गये। लिखित परीक्षा के अंक भी अभ्यर्थियों से छुपाये गए। विशेष सहायक के पद पर प्रोन्नति के बाद प्रधान कार्यालय के निदेर्शों के उल्लंघन में रिक्त स्थानों का विवरण सार्वजानिक नहीं किया गया।
महिला कर्मचारियों को जानबूझ कर दूर की शाखाओ में तैनाती का प्रस्ताव दिया गया जबकि प्रधान कार्यालय का निर्देश स्पष्ट है कि महिलाओं को स्थानीय पोस्टिंग में वरीयता दी जाए। चेतावनी दी गई कि ऐसा न होने की दशा में संगठन 22 जनवरी को मंडल अयोध्या की समस्त इकाइयों की सभा करके आंदोलन को आगे बढ़ाने और कानूनी कदम उठाने को मजबूर होगा।
प्रदर्शन में पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आरएस उपाध्याय, सहायक मंत्री रवि यादव, अयोध्या के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र तिवारी, सोमनाथ व पदमिनी श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या : बकायेदारी के बोझ तले दबा नगर निगम, 35 करोड़ की देनदारी
