बरेली: पूर्व मंत्री भगवत सरन समेत 10 आरोपी फरार घोषित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान नवाबगंज इलाके में हत्या की कोशिश और मारपीट के मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद अदालत ने पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार समेत 10 आरोपियों को अब फरार घोषित कर दिया है। हाल ही में पुलिस ने अदालत में रिपोर्ट दाखिल की थी कि दबिश देने के बावजूद पूर्व मंत्री समेत कोई आरोपी हाथ नहीं आया।

ये भी पढ़ें- बरेली: नाथनगरी कॉरिडोर में बनेगा टूरिज्म सर्किट, इलेक्ट्रिक बसों से होगी परिक्रमा

विशेष लोक अभियोजक अचिंत्य द्विवेदी ने बताया कि इस केस की मॉनिटरिंग उच्चतम और उच्च न्यायालय की ओर से की जा रही है। लंबे वक्त से अदालत में गैरहाजिरी के कारण पिछले दिनों स्पेशल जज एमपी//एमएलए कोर्ट देवाशीष ने पूर्व मंत्री भगवत सरन के साथ वीरपाल सिंह गंगवार, विनोद दिवाकर, अनिल गंगवार, तरुण कुमार उर्फ अंशु, योगेंद्र सिंह गंगवार, ओमेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम गंगवार, विधायक प्रतिनिधि शेर सिंह और सुधीर कुमार मिश्रा समेत सभी 10 आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे।

पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट दी कि दबिश देने के बाद भी कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। इसके बाद अब कोर्ट ने पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार समेत सभी आरोपियों को फरार घोषित (82 सीआरपीसी) कर सुनवाई के लिए 11 जनवरी की तारीख नियत की है।

बता दें कि तत्कालीन विधायक केसर सिंह गंगवार के समर्थक तेजराम ने थाना नवाबगंज में भगवत सरन और उनके समर्थकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि 14 फरवरी 2017 की सुबह 8.45 बजे वह अपने साथी महेंद्र गंगवार एडवोकेट के साथ भाजपा का झंडा लगी कार से नवाबगंज से अभयराजपुर गांव जा रहे थे। 

जयनगर गांव में 40-50 गाड़ियों के काफिले के साथ गुजर रहे सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार से आमना-सामना हो गया। भगवत सरन और उनके समर्थकों ने केसर सिंह का चुनाव लड़ाने के कारण तेजराम और महेंद्र को गालियां देते हुए जान से मारने की नियत से सिर पर वार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

ये भी पढ़ें- बरेली: पशुओं को ठंड से बचाव को गोशाला में लगे अलाव और तिरपाल

 

 

संबंधित समाचार