नैनीताल: 550 संविदा कर्मचारियों के मानदेय में अप्रैल से होगी वृद्धि
नैनीताल, अमृत विचार। कुमाऊं मंडल विकास निगम की बोर्ड बैठक में 550 संविदा कर्मचारियों के मानदेय में अप्रैल से बढ़ोतरी होगी। बोर्ड बैठक में कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के एरियर सहित कर्मचारियों के अवकाश व मेडिकल प्रस्तावों पर भी मोहर लग गई है।
नैनीताल के एरीज बैंड में हाईवे के समीप एमिनिटी प्लाजा को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इसमें पेट्रोल पंप के साथ ही फूड कोर्ट, इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग प्वाइंट सहित अन्य पर्यटन सुविधाएं पर्यटकों को मिलेंगी। प्लाजा के लिए भूमि का चयन हो चुका है। अल्मोड़ा के ताड़ीखेत, गरमपानी के छड़ा में पेट्रोल पंप खोलने के प्रस्ताव का भी अनुमोदन किया गया। इसके अलावा बोर्ड ने आदि कैलास यात्रा में परिवहन, समन्वय सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए चयनित होने वाली निजी एजेंसी के लिए समय सीमा तीन साल नियत कर दी है।
हाल ही में निगम प्रबंधन की ओर से इसकी निविदा जारी की गई थी। जीएम एपी बाजपेयी ने बताया कि केएमवीएन, जीएमवीएन के एकीकरण के प्रस्ताव को 2019 में हुई बोर्ड बैठक में ही मुहर लग चुकी है। कंपनी सचिव नवीन कुमार के अनुसार, निगम में कार्यरत करीब साढ़े पांच सौ संविदा कर्मचारियों को मानदेय बढ़ाया जाएगा। बैठक में प्रबंध निदेशक विनीत तोमर सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे, अपर सचिव वित्त एन रविशंकर, अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन स्याल, जीएम प्रशासन एपी बाजपेयी, जीएम निर्माण विजय चौहान, कंपनी सचिव नवीन कुमार आदि जुड़े रहे।
