हल्द्वानी: स्टे आते ही बनभूलपुरा आने-जाने वाले रास्ते बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। हुआ वही जिसकी उम्मीद लिए फरियादी सुप्रीम कोर्ट की चौखट तक पहुंचे। स्टे आते ही बनभूलपुरा जश्न में डूब गया। जश्न के बीच खलल की आशंका को देखते हुए बनभूलपुरा को आने और जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया। जश्न में डूबी भारी भीड़ शाम तक सड़कों पर जमा रही।
स्टे दोपहर बाद आया, लेकिन बनभूलपुरा की सड़कें भोर से ही भीड़ से लबरेज थीं। सैकड़ों लोग दुआ कर रहे थे कि सुप्रीम कोर्ट से फैसला उनके हक में आए और जैसे ही फैसला आया कि बनभूलपुरा की सड़कों पर जश्न शुरू हो गया। इधर, पुलिस-प्रशासन की निगाह भी सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी थी।
फैसले और बनभूलपुरा की सड़कों पर जश्न की खबर आते ही आलाधिकारियों ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। हालांकि सुनावाई के दिन को देखते हुए बनभूलपुरा में पहले से ही कई थानों का पुलिस बल तैनात था। इधर, जश्न शुरू होते ही बनभूलपुरा की ओर आने और जाने वाले रास्तों को पुलिस ने बेरीकेडिंग से बंद कर दिया। इन रास्तों पर सिर्फ पैदल और दो पहिया वाहन सवारों को जाने की इजाजत थी। न गौलापार की ओर से वाहन आने दिए गए और गौलापार जाने वालों के रास्ते में भी कुछ घंटों के लिए बदवाल किया गया।
