Kanpur Nagar Nigam में 15 दिनों में तैयार होगा नागरिक सुविधा केंद्र, नगर आयुक्त ने मुख्यालय में चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर नगर निगम में नागरिक सुविधा केंद्र तैयार हो जायेगा।

कानपुर नगर निगम में 15 दिनों में नागिरक सुविधा केंद्र तैयार होगा। इसके लिये नगर आयुक्त ने सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर और मुख्यालय में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

कानपुर, अमृत विचार। आम जनता की समस्या को हल करने के लिए नगर निगम मुख्यालय में सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर यानि नागरिक सुविधा केंद्र 15 दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा। स्मार्ट सिटी के तहत बनने वाले इस सेंटर में नगर निगम और जलकल से जुड़े सभी कार्य हो सकेंगे।

इसको लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त ने फैसिलिटेशन सेंटर का मुआयना किया। नोडल अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि सेंटर का काम तेजी से चल रहा है। काम पूरा होने के बाद जल्द ही जनता के लिए यह खोल दिया जायेगा।

दो करोड़ से बन रहा सेंटर

प्रदेश में पहला नगर निगम होगा, जहां इस तरह की सुविधा दी जा रही है। सेंटर के अंदर लोगों को हाउस टैक्स, सीवर टैक्स और वाटर टैक्स से जुड़ी हर समस्या का समाधान होगा। इसके साथ ही वह टैक्स भी जमा कर सकेंगे। इसके अलावा पेंशन, बर्थ व डेथ सर्टिफिकेट को लेकर भी आवदेन किए जा सकेंगे। इस सेंटर को बनाने में दो करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। फैसिलिटेशन सेंटर में नगर निगम की कार्यप्रणाली स्मार्ट हो जाएगी। हर एक आवेदन या शिकायत के लिए एक स्लिप दी जाएगी। इस पर आवेदन या शिकायत का नंबर होगा। इस नंबर से ही कभी भी फाइल का स्टेटस देखा जा सकेगा। तय समय के अंदर ही शिकायत का निस्तारण करना होगा। 

मुख्य गेट पर लगे पोल हटेंगे 

नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय की बिल्डिंग मेंटीनेंस कार्य को लेकर भी निरीक्षण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, प्रोजेक्ट अभियंता आरके सिंह मौजूद रहे।  उन्होंने बताया कि यह कार्य भी एक सप्ताह के भीतर पूरा हो जाएगा। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि मुख्य गेट के अंदर के दोनों लगे पोलों को हटाया जाए, जिससे फर्म द्वारा इस सौन्दर्यीकरण कराया जा सके।

संबंधित समाचार