बरेली: 300 बेड अस्पताल में शोक, ओपीडी बंद... इलाज के लिए भटकते रहे मरीज
बीमार वार्ड ब्वाय के निजी अस्पताल में निधन के बाद सीएमओ ने दिया आदेश
बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में तैनात वार्ड ब्वाय धर्मेंद्र का कई दिनों की बीमारी के बाद इज्जतनगर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। इसके बाद सीएमओ के आदेश पर तीन सौ बेड अस्पताल में शोक घोषित कर दोपहर 12 बजे ओपीडी बंद कर दी गई और सैकड़ों मरीजों को जिला अस्पताल जाने को कह दिया गया। अचानक ओपीडी बंद होने से इन मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा।
यह भी पढ़ें- बरेली: शादी अनुदान की रकम पर ठगों की नजर, फोन के जरिए वारदात को दे रहे अंजाम
वार्ड ब्वाय धर्मेंद्र को कुछ दिनों पहले सांस संबंधी गंभीर समस्या हुई थी। उनके परिवार ने उन्हें इज्जतनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। धर्मेंद्र के निधन की सूचना तीन सौ बेड अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अकीक ने सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह को दी। सीएमओ के आदेश पर शोक घोषित कर दोपहर 12 बजे ओपीडी बंद कर दी गई।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने ओपीडी परिसर के बाहर पर्चा काउंटर के स्टाफ को दोपहर 12 बजे के बाद आने वाले मरीजों को जिला अस्पताल भेज देने का निर्देश दे दिया। दोपहर बाद तीन सौ बेड अस्पताल में सैकड़ों मरीज पहुंचे जिन्हें लौटा दिया गया। ओपीडी में 12 बजे तक सिर्फ 244 मरीजों को देखा गया जबकि आमतौर पर यहां रोजाना छह सौ से ज्यादा मरीज पहुंचते हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: मास्टर जी पर भरोसा नहीं, बीटीसी प्रशिक्षु करेंगे निपुण विद्यार्थियों की पहचान
