नैनीताल: ऐतिहासिक बैंड स्टैंड पर हो रहे भूधंसाव की अब तक कोई रोकथाम नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। ऐतिहासिक बैंड स्टैंड के पास नैनी झील की सुरक्षा दीवार को गिरे लंबा समय हो गया है। इसके बाद भी इसका कोई सुधलेवा नहीं है। जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हैं।

पिछले वर्ष 3 सितंबर को बैंड स्टैंड के करीब 10 मीटर की सुरक्षा दीवार झील में समा गई थी। गनीमत रही कि इस दौरान कोई पर्यटक या स्थानीय लोग इसकी चपेट में नहीं आए। मालूम हो कि इससे पहले भी बैंड स्टैंड के पास भूधंसाव होने के कारण बीते वर्ष 28 जून को भी नगर पालिका ने तीन ओर से बेरिकेडिंग कर यहां लोगों की आवाजाही रोक दी थी।

बैंड स्टैंड के पास नैनी झील की सुरक्षा दीवार पर खतरा बढ़ता जा रहा है। नगर पालिका और सिंचाई विभाग ने मौका मुआयना कर भूस्खलन का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र में लोगों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रखने के निर्देश कर्मियों को दिए। लेकिन अभी तक इसकी रोकथाम के लिए कुछ नहीं किया गया।

मालूम हो कि करीब तीन वर्षों से यहां 60 मीटर के हिस्से पर दरार बनी हुई थी। धंसे हिस्से के आसपास दरारें बढ़ने से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। सिंचाई विभाग यहां लंबे समय से तात्कालिक रोकथाम की योजना बना रहा है। मगर विभाग द्वारा गंभीरता नहीं दिखाने की वजह से बारिश से यह हिस्सा कमजोर होता चला गया और यहां दरारें बढ़ती गईं। सुरक्षा दीवार और रेलिंग भी झील की ओर झुक गई। साथ ही भूधंसाव भी बढ़ रहा है।

क्षतिग्रस्त हिस्से के उपचार के लिए सर्वे कर प्रस्ताव बनाया जाएगा। शासन से बजट मिलने के बाद ही सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। - डीडी सती, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग 

संबंधित समाचार