काशीपुर: एलएस के तैराकों ने नोएडा में झटके 4 स्वर्ण समेत 14 पदक
काशीपुर, अमृत विचार। नोएडा में आयोजित नॉर्थ जोन तैराकी चैंपियनशिप में लिटिल स्कॉलर्स स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर चार स्वर्ण समेत 14 पदक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। 5 से 7 जनवरी तक ज्ञानश्री स्कूल नोएडा सेक्टर 127 में सीबीएसई नॉर्थ जोन 1 तैराकी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें काशीपुर उत्तराखंड समेत नोएडा, बागपत, बदायूं, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, जेपी नगर, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर, संभल, शामली आदि स्थानों के स्कूलों से तैराकों ने प्रतिभाग किया।
कोच दयाल सिंह ने बताया कि स्विमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर एलएस स्कूल के छात्र आदित्य नेगी ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में सोना, 100 मीटर बैकस्ट्रोक में सोना, 50 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य, 100 मीटर बटरफ्लाई में सिल्वर, यशवर्धन सिंह चौहान ने 100 मीटर फ्री स्टाइल में सोना, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में सोना, 50 मीटर फ्रीस्टाइल में सिल्वर, नीरज नेगी ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में सिल्वर, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में सिल्वर, अर्पित सक्सेना ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में सिल्वर, 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में सिल्वर, अर्णव सिंह भंडारी ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य, रुद्र प्रताप सिंह भंडारी ने 200 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य, श्रेया चौहान ने 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में कांस्य पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधक ऋतु भल्ला, पंकज भल्ला, रोहित भल्ला, बिंदु भल्ला, प्रधानाचार्य शिखा गौतम, कोच दयाल सिंह फर्स्वाण, जीवन बोरा आदि ने छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
