बरेली: आंवला में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर छह लाख की लूट
बरेली/आंवला, अमृत विचार। कस्बे में दिनदहाड़े छह लाख रुपये की लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। एक महिला ने अपने रिश्तेदारों पर ही आरोप लगाया है कि कनपटी पर तमंचा टेककर उसे गोली मारने की धमकी दी गई और छह लाख का जेवर व नकदी समेटकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने …
बरेली/आंवला, अमृत विचार। कस्बे में दिनदहाड़े छह लाख रुपये की लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। एक महिला ने अपने रिश्तेदारों पर ही आरोप लगाया है कि कनपटी पर तमंचा टेककर उसे गोली मारने की धमकी दी गई और छह लाख का जेवर व नकदी समेटकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद घटना फर्जी बताई है। दोनों पक्षों में कार के लेनदेन का विवाद सामने आया है।
कस्बे के मोहल्ला घेर अन्नू खां के तहजीब खां नगर पालिका में कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया है कि मंगलवार की अपरान्ह 11 बजे उनकी विवाहित बेटी जैनब पत्नी नासिर घर में अकेली थी। तभी चार लोग उसके घर में घुस आए। उनमें दो सगे रिश्तेदार हैं। दुआ-सलाम के बाद बोले कि बेटी चाय बना लो। जैनब जैसे ही चाय बनाने को पीछे मुड़ी, उनमें एक युवक ने उसे पकड़ लिया। उसकी कनपटी पर तमंचा रख काबू में कर लिया। घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर व 50 हजार रुपये लूट लिए और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। हिम्मत जुटाकर वह चीखने लगी तो लुटेरों ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग आ गए। ललकारने पर चारों लुटेरे अपनी बाइकों पर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। उस समय तहजीब नगर पालिका में विभागीय कार्य कर रहे थे। बेटी ने उनको मोबाइल पर पूरी घटना बताई तो उन्होंने आंवला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
तहजीब ने पुलिस को यह भी बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपने भाई के नाम पर एक कार खरीदी थी। उसी कार को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई। भाई कहने लगा कि यह गाड़ी उसके नाम पर है और वह अपनी गाड़ी ले जा रहा है। यह कहकर वह कार ले गया था। उसके बाद कार का विवाद खत्म हो गया था। कस्बा इंचार्ज अजीत प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की तहरीर ले ली है। प्रकरण की जांच की जा रही है। मामला फर्जी लग रहा है। दोनों पक्षों में गाड़ी के लेन-देन का विवाद सामने आया है।
