Farrukhabad में अजब-गजब मामला आया सामने, मृतक को 17 साल बाद जिंदा बताकर करा लिया बैनामा
फर्रुखाबाद में मृतक व्यक्ति को 17 साल बाद जिंदा बताकर बैनामा करा लिया।
फर्रुखाबाद में मृतक व्यक्ति को 17 साल बाद जिंदा बताकर बैनामा करा लिया। मृतक के स्थान पर दूसरे को तहसील में आरोपी लेकर गए। पुत्र ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। खेत की देखरेख करने वाले दो भाइयों ने 17 साल पहले मर चुके व्यक्ति को जिंदा बताकर उसकी जमीन का बैनामा करा लिया। इसकी जानकारी होने परिवार के लोग हैरान रह गए। उन्होंने तहसील जाकर बैनामा के कागज निकलवाएं, तब हकीकत सामने आई। पीड़ित पुत्र व परिवार के अन्य लोगों ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया और कहा कि पिता के स्थान पर दूसरे को खड़ा कर पिता की जमीन का बैनामा करा लिया गया है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव दलेलगंज निवासी सुभाष सोमवार को परिवार समेत एसपी कार्यालय फतेहगढ़ आए। उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा कि पिता आशाराम की अमृतपुर क्षेत्र के गांव गढैया वकैनिया में खेत है। जिसकी देखभाल मामा के दो लड़के करते थे। पिता व परिवार के अन्य लोगो को मामा के लड़कों पर भरोसा था, इस कारण यदा-कदा ही खेत देखने आते थे।
पिता आशाराम की 11 जुलाई 2005 को मृत्यु हो गई। इसके बाद परिवार के जब कभी खेत देखने गढैया वकैनिया गांव में आए। जमीन के लालच में मामा के पुत्रों ने उसके साथ विश्वासघात कर दिया। 17 साल बाद मरे हुए पिता को जिंदा बताकर उनके स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर मामा के पुत्रों ने अपने नाम 7 सितंबर 2022 को बैनामा करा लिया। बैनामा मे पांच लाख रुपये में जमीन बेचने का उल्लेख किया गया है।
जो लोग गवाह बने हैं, वह भी जानते थे कि आशारा की मौत हो चुकी है। इसक बावजूद उन्होंने दूसरे व्यक्ति को आशाराम होने की गवाही दी। मामा के पुत्रों ने धोखाधड़ी कर बैनामा कराया है। सुभाष व परिवार के अन्य लोगों शिकायती प्रार्थना पत्र के साथ ग्राम पंचायत द्वारा जारी आशाराम का मृत्यु प्रमाण पत्र की कापी भी लगाई है। पीड़ितों ने न्याय दिलाने की गुहार लगाई। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया है।
