अयोध्या: 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण में लगेंगे करीब 12 सौ करोड़ रुपये
भूमि अधिग्रहण के लिए पौने छह सौ करोड़ व सीवर, पानी-बिजली के लिए भी व्यवस्था
अमृत विचार, अयोध्या। जन्मभूमि पथ-भक्ति पथ व राम पथ के बाद अब 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा के भी चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। इसी क्रम में दोनों मार्गों के सर्वे का काम भी लोनिवि के साथ राजस्व टीम ने शुरू कर दिया है। परिक्रमा मार्ग के सर्वे के साथ स्थानीय आबादी में भी हलचल बढ़ गयी है और लोग सशंकित हैं। इस बीच लोनिवि प्रांतीय खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता महेन्द्र प्रताप ने बताया कि 14 कोसी परिक्रमा के चौड़ीकरण का आगणन शासन से स्वीकृत हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस योजना में 25.393 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण कराया जाना है, जिसकी लागत करीब 12 सौ करोड़ है। स्वीकृत धनराशि में भूमि अधिग्रहण के लिए करीब पौने छह सौ करोड़ के अलावा सीवर-बिजली व पानी में क्रमश: 78.4 करोड़, 53.71 करोड़ व 79.62 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उधर सहायक अभियंता राहुल राय ने बताया कि चौड़ीकरण में आबादी को बचाने के लिए परिक्रमा के परम्परागत मार्ग में दो जगह बदलाव भी किया गया है। उन्होंने बताया कि बूथ नंबर चार के पास एवं मिजार्पुर के पास करीब पांच सौ मीटर मार्ग को घुमाया गया है।
शासन को भेजी गयी पंचकोसी परिक्रमा की पत्रावली
पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर उदया चौराहे से शुरू हुए सर्वे के दौरान निर्धारित मार्ग से ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा तक पैमाइश की गयी। इस पैमाइश में मौजूदा मार्ग की चौड़ाई कुल छह मीटर है। इसके सड़क के दोनों तरफ सात-सात मीटर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसका खुलासा होने के बाद पूरी बस्ती के उजड़ने का खतरा पैदा हो गया है। लोनिवि के सहायक अभियंता बीके त्रिपाठी ने बताया कि डीपीआर में परम्परागत परिक्रमा मार्ग को ही शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग के लिए फिलहाल 474 करोड़ की धनराशि का प्रावधान है जिसमें सिविल कार्य के लिए 180 करोड़ प्रावधानित है जिसमें सीवर लाइन, वाटर पाइप व भूमिगत विद्युतीकरण भी शामिल है। बताया गया कि अवशेष धनराशि भूमि व भवन के अधिग्रहण व अनुग्रह राशि प्रदान करने में खर्च की जाएगी। बताया गया कि शासन की स्वीकृति के लिए प्रमुख अभियंता कार्यालय से आगणन पत्रावली प्रेषित कर दी गयी है। इस पखवाड़े शासन की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: गांधी शिल्प बाजार का महापौर ने किया उद्घाटन
