लखनऊ : अब मीटर देगा कटिया से बिजली चोरी की जानकारी
अमृत विचार, लखनऊ। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने नई कार्ययोजना तैयार की है। लेसा समेत मध्यांचल के सभी जनपदों में अब बिजली चोरी करना आसान नहीं होगा। योजना के तहत लेसा के सभी बिजली खंभों पर मीटर नुमा बाॅक्स लगाया जाएगा। इस बाक्स के जरिये ही उपभोक्ता को कनेक्शन दिए जाएंगे। अगर कोई बीच से कटिया डालकर बिजली चोरी की कोशिश करेगा तो मीटर के माध्यम से उसे पकड़ा जा सकेगा।
इस मीटर नुमा बाॅक्स के जरिये खंभे से बिजली का वितरण होगा। यही नहीं इस मीटर में लगी डिवाइस की मदद से बिजली चोरी करने वालों की सूचना विभाग तक पहुंच सकेगी। यह योजना सबसे पहले राजधानी लखनऊ में लागू की जाएगी। इसके लिए डिवीजनों के चयन का निर्देश दिया गया है।
इसके लिए लेसा के चौक, चौपटिया, ठाकुरगंज, अप्ट्रान, आलमबाग, सेस प्रथम, सेस द्वितीय समेत चिनहट, सीतापुर रोड, इंदिरानगर, राजाजीपुरम और कानपुर रोड का चयन किया गया है। यहां के खंभों पर जल्द ही मीटर नुमा बाॅक्स लगा दिये जाएंगे। मध्यांचल के वाणिज्य निदेशक योगेश कुमार ने बताया कि यह मीटर नुमा बाॅक्स खंभे से आपूर्ति होने वाली संपूर्ण बिजली का विवरण रखेगा। इसके माध्यम से बिजली चोरी पकड़ने में आसानी होगी।
यह भी पढ़ें:-कोहरे के चलते बेगमपुरा 12, किसान एक्सप्रेस 11 घंटे रही लेट
