ठंड में सड़क पर किसी की मौत हुई तो जिम्मेदार होंगे थानेदार, Kanpur पुलिस कमिश्नर ने दिये यह दिशा निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में ठंड से सड़क पर मौत के जिम्मेदार होंगे थानेदार।

कानपुर में ठंड में सड़क पर मौत के जिम्मेदार थानेदार होंगे। इसके लिये कानपुर पुलिस कमिश्नर ने सभी थानेदारों को दिशा निर्देश दिये। एक फोन पर डॉयल 112 घर पहुंचाएगी।

[गौरव श्रीवास्तव], कानपुर, अमृत विचार। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाके के लोग कांप उठे हैं। तेज हवाओं और कोहरे के कारण पिछले एक सप्ताह से शहर के लोगों का जनजीवन बेहाल हो रहा है। रोजाना भीषण ठंड से सरकारी अस्पतलों में एक दर्जन से ज्यादा लोग दम तोड़ रहे हैं। शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी  आदित्यनाथ ने आदेश जारी किया है कि अगर सड़क पर कोई भी लावारिस हालत में पाया गया तो संबंधित जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सर्दी से मौतों के आंकड़े न बढ़े, इसलिए रैन बसेरा और अलाव के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बाद पुलिस को भी अलर्ट मोड पर हो गया है।

पुलिस कमिश्नर ने थानेदारों को दिए कड़े निर्देश

पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने कमिश्नरेट के सभी 53 थानों के थानेदारों और चौकी इंचार्जों के साथ मीटिंग कर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि गश्त के दौरान उन लोगों को सड़क किनारे मिलने वाले लोगों के जीवन की रक्षा करनी है। ऐसे लोग जो सड़क पर घूम रहे हों, या फिर लावारिस हालत में पड़े हों, ऐसे लोगों को जीप से रैन बसेरा पहुंचाना है। यदि किसी भी थानाक्षेत्र में सड़क पर ठंड से किसी की मौत हुई तो उस थानेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

अलाव की करें व्यवस्था, चाय की दुकान न बंद कराएं

सभी थानेदार अपने-अपने क्षेत्र में कई स्थानों पर अलाव का इंतजाम करें। कमिश्नर ने यह भी निर्देश दिए हैं कि रात में यदि कोई चाय की दुकान अथवा होटल खुला हो उसे बंद न कराया जाए। यह भी कहा कि थानों के हवालातों में बंद किए जाने वाले बंदियों को अतिरिक्त कंबल दिए जाएं। 

बूढ़े और बीमार बंदियों को मुंशियाने में बैठाएं

उन्होंने यह भी निर्देश जारी किए कि हवालात में बंद होने वाले यदि बंदी बूढ़े या फिर बीमार हों तो उन्हें वहां से निकालकर मुंशियाने में बैठाया जाए। साथ ही उनके दवा का इंतजाम रखा जाए। जिससे सर्दी में ज्यादा तबियत बिगड़ने पर उन्हें आसानी से अस्पताल पहुंचाया जा सके। 

रात में सवारी न मिलने पर 112 डॉयल कर पुलिस को दें सूचना 

कमिश्नर बीपी जोगदंड ने लोगों से अपील की है कि भीषण ठंड और कोहरे में रात में यदि कोई यात्री सेंट्रल स्टेशन, बस अड्डे के बाहर सवारी मिलने का इंतजार कर रहा हो, और उसे सवारी न मिले तो उसे कतई परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपको सीधे डॉयल 112 कर सूचना देनी होगी। कुछ ही देर में सूचना पर पहुंची पीआरवी या कोई पुलिस विभाग का दूसरा वाहन चलाने वाला आपसे संपर्क करेगा और आपको घर तक छोड़कर आएगा। 

अपराध पर लगेगी लगाम, सुरक्षित पहुंचेंगे घर

इस पर पुलिस अफसरों का कहना है कि इस मुहिम से रात में होने वाले अपराधों पर अपने आप लगाम लग जाएगी। इसके साथ ही भीषण ठंड में लोग पुलिस के साथ सुरक्षित घर भी पहुंच जाएंगे। यह निर्देश पुलिस कमिश्नर ने केवल खराब मौसम के चलते लागू होगा।  

पुलिस की इस मुहिम ने खूब सराहा  

रात में सवारी न मिलने पर यूपी 112 डॉयल कर पूरी जिम्मेदारी से घर पहुंचाने की पुलिस की इस मुहिम को लोगों ने खूब सराहा। ट्विटर अकाउंट में अब तक इस मुहिम को 18 हजार लोगों ने पसंद किया है। बड़ी संख्या में पुलिस के इस सराहनीय कदम की प्रशांसा कर मैसेज किए गए हैं।

सरकार के आदेश के बाद सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिसका सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।- बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर, कानपुर

संबंधित समाचार