हल्द्वानी: बदमाशों ने आंख में घोंपा चाकू, बेटी के अपहरण की कोशिश
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुकान पर अकेली बैठी नाबालिग का एक बदमाश ने अपहरण की कोशिश की और जब पिता इसकी शिकायत लेकर थाने के लिए निकला तो आरोपी ने चाकू घोंप कर आंख फोड़ दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पप्पू का बगीचा इंद्रानगर बनभूलपुरा निवासी लईक अहमद पुत्र वसी अहमद की नूरी मस्जिद इंद्रानगर में कपड़े की दुकान है। लईक की मानें तो बीती एक जनवरी को किसी जरूरी काम वह रुद्रपुर गए थे और जाने से पहले अपनी नाबालिग बेटी को दुकान पर बैठा गए थे। उसी रोज शाम करीब चार बजे इंद्रानगर निवासी हसीन उर्फ बिलासपुरिया दुकान पर पहुंच गया।
हसीन बेटी से गंदी-गंदी बातें करने लगा और चाकू निकालते हुए बोला कि ये खंजर तेरे आज तेरे पिता के पेट में घोंपना है। हसीन चाकू की नोंक पर नाबालिग को अगवा करने की कोशिश करने लगा। नाबालिग के चीखने-चिल्लाने पर हसीन जान की धमकी देते हुए फरार हो गया।
इधर, शाम को लईक वापस दुकान पहुंचे तो बेटी ने उन्हें पूरा वाक्या बताया। जिसके बाद वह आरोपी की शिकायत लेकर बनभूलपुरा थाने निकल पड़े। आरोपी को इसकी खबर लगी तो वह रास्ते में घात लगाकर बैठ गया। आरोपी ने लईक को रियासत हलवाई की गली इन्द्रानगर में रोक लिया। हसीन के साथी भूरा पुत्र दिलावर खां ने लईक के हाथ पीछे से पकड़ लिए और रिपोर्ट न लिखाने के धमकाया। न मानने पर हसीन ने लईक की सीधी आंख में नोकीली चीज घोंप दी। लईक चीखता हुआ जमीन पर गिर गया।
दोनों आरोपी लईक को लात घूंसों से पीटने लगे। भीड़ बचाने दौड़ी तो आरोपी अगली बार दूसरी आंख फोड़ने और बेटी को उठा ले जाने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में लोगों ने लईक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन ऑपरेशन के बाद भी लईक की आंख की रोशनी नहीं लौटी।
अस्पताल से लौटने के बाद अब लईक ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
