शाहजहांपुर: पुवायां विधायक के बेटे और रिश्तेदार पर बुजुर्ग की जमीन हड़पने का आरोप, CM से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुवायां से भाजपा विधायक चेतराम के बेटे व रिश्तेदार पर एक बुजुर्ग महिला की जमीन हड़पकर निर्माण कराए जाने का आरोप लगा है। बुजुर्ग महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत कर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: इंस्पेक्टर को लेकर कटरा-तिलहर विधायक आमने-सामने

बुजुर्ग महिला ने बताया कि इससे पहले भी कई बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन राजनीतिक दबाव की वजह से उसकी कहीं भी कोई सुनवाई नहीं हो सकी। बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह काफी गरीब है, इसी वजह से उसकी कहीं भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

पुवायां क्षेत्र के गुधनी मजरा गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला गोदावरी पत्नी स्वर्गीय ईश्वरी ने मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायत की। कहा कि वह अनुसूचित जाति की है। उसकी आराजी काश्त ग्राम गुधनी की गाटा संख्या-156 मि. रकबा 0.6070 हेक्टेयर है। यह जमीन मेन रोड पर है। इस जमीन पर गांव के एक युवक के साथ ही पुवायां विधायक चेतराम के साले और विधायक बेटे ने जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है।

जमीन पर जेसीबी चलावकर खुदाई करवाकर पक्की ईंट से नींव भरवा दी। लगभग 10 फीट बाउंड्री खिचवाकर गेट लगवा दिया है। महिला ने बताया कि जब जेसीबी से नींव की खुदाई चल रही थी तो वह मौके पर पहुंची और इसका विरोध किया। इस पर आरोपी उसे मारने के लिए दौड़ पड़े और जमीन पर गिरा दिया।

जेसीबी चढ़ाने की कोशिश की। महिला ने शिकायत पत्र में कहा कि विधायक के बेटे ने नींव में चुनवा देने की धमकी दी। कहा कि वह सत्ता पक्ष में हैं, इसलिए तहसील स्तर से लेकर जिला स्तर तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है। महिला ने बताया कि विधायक के बेटे, रिश्तेदार और गांव के युवक ने उसे व उसके परिवार को झूठे मुकदमें में फंसाकर जेल भिजवाने की भी धमकी दी है।

गलत रिपोर्ट लगाकर किया जा रहा निस्तारण
बुजुर्ग महिला ने बताया कि इस प्रकरण की उसने कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन हर बार उसकी शिकायत पर गलत रिपोर्ट लगा दी जाती है। न कोई जांच होती है और न ही अभी तक कोई कार्रवाई हो सकी। उसे व उसके परिवार को जानमाल का खतरा है। बुजुर्ग ने बताया कि इस प्रकरण एसडीएम से भी कई बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन वहां राजनीतिक दबाव हावी हो जाता है।

भूख हड़ताल पर बैठेंगे
बुजुर्ग महिला गोदावरी ने कहा कि अगर उसकी जमीन से कब्जा नहीं हटा और आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो वह मुख्यमंत्री आवास के सामने भूख हड़ताल पर बैठेगी। ऐसे में जल्द से जल्द मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वह पूरी तरह गलत हैं। यह राजनीतिक चाल है, जो बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मैंने अपनी लाइफ में कभी ऐसा घटिया काम नहीं किया है। मैं तो हमेशा गरीबों की मदद करता हूं। ऐसे में इस तरह के आरोप लगाया जाना कहीं न कहीं किसी की घटिया चाल है। मौजूदा समय में लखनऊ में एक मीटिंग में आया हूं---चेतराम, विधायक-पुवायां।

यह भी पढें- शाहजहांपुर: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार

संबंधित समाचार