रुद्रपुर: राज्य संपत्ति विभाग का अनुसचिव बताकर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने राज्य संपत्ति विभाग का अनुसचिव बताकर नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि न्यायालय के आदेश पर शिकायतकर्ता ने एक दंपत्ति व पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। आरोपी के पास से एक संपत्ति विभाग के अनु सचिव पद का पहचान पत्र भी बरामद किया है। फरार चल रहे दंपत्ति की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार तीनपानी डाम फुलसुंगा निवासी श्रीपाल सिंह ने द्वितीय अपर सिविल जज की अदालत में याचिका डालकर 21.29 लाख की ठगी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। न्यायालय के आदेश पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने आरोपी सर्वेश यादव और उसकी पत्नी शालू वर्मा निवासी ग्राम अधौली थाना सत्तरगंज सफदरगंज जिला बाराबंकी यूपी और श्याम मोहन निवासी ग्राम भिखारीपुर थाना रतनपुर सम्मनपुर आंबेडकर नगर यूपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि दंपत्ति ने खुद को मैन पावर सर्विस एजेंसी का संचालक बताया था और केंद्र और राज्य सरकार में अच्छी पकड़ होने की बात कही थी। वहीं, तीसरे आरोपी सर्वेश ने खुद को राज्य सम्पत्ति विभाग यूपी सचिवालय में अनु सचिव के पद पर होना बताया। आरोप था कि जिस वक्त आरोपियों ने उसके साथ नौकरी दिलाने के नाम 21.29 लाख की ठगी की थी। उस वक्त तीसरा आरोपी यूपी सरकार का वाहन यूपी 32 ई एक्स 9777 लेकर आता था।
पुलिस ने मंगलवार की देर रात सुरागरसी और पतारसी के आधार पर श्याम मोहन को लखनऊ के गोमती नगर से गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी जेब से संपत्ति विभाग के अनुसचिव पद का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर फरार दंपत्ति की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
