शाहजहांपुर: कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में सपाइयों का धरना-प्रदर्शन
खिरनीबाग चौराहा पर धरना देकर किया जोरदार प्रदर्शन, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न को लेकर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया।
कार्यकर्ता निवर्तमान जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खां के नेतृत्व में खिरनीबाग चौराहा पर एकत्रित हुए। चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त नारेबाजी की और सरकार की नीतियों को कोसा। इस मौके पर तनवीर खां ने कहा कि भाजपा सरकार सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर लगातार फर्जी मुकदमें लाद रही है। फर्जी रिपोर्ट लिखाकर कार्यकर्ताओं को जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग चट्टान की तरह मजबूत हैं और भाजपा से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांट और खुटार पुलिस पार्टी से जुड़े लोगों को लगातार बेवजह परेशान कर रही है। अगर परेशान करना बंद नहीं किया तो थानों का घेराव किया जाएगा। पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी है और किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है। इस मौके पर राजेश वर्मा, निवर्तमान जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
धरना-प्रदर्शन में सैयद रिजवान अहमद, संजीव वर्मा, विजय सिंह, हफीज अंसारी, गायत्री वर्मा, नसीम खां, प्रदीप कुमार तिवारी, डॉ. नवनीत यादव, पूर्व चेयरमैन इमरान खां, अजीज अहमद खां, अवधेश पाल, संतोष पाल, सुखवीर सिंह चौहान, विपिन यादव, विकास चंद्रा, अशोक यादव, ओंकार सिंह, वरुण मिश्रा, शाहनबाज खां समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पुवायां विधायक के बेटे और रिश्तेदार पर बुजुर्ग की जमीन हड़पने का आरोप, CM से लगाई गुहार
