अमेठी : उप निदेशक ने किया अपशिष्ट शोधन संयंत्र का निरीक्षण
अमेठी। बुधवार को उप निदेशक पंचायती राज एस एन सिंह ने बेनीपुर में बने अपशिष्ट शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। संयंत्र पर कार्यरत कर्मचारियों से संचालन में आ रही दिक्कतों की जानकारी लिया। संयंत्र को ग्राम पंचायतों को स्थानांतरित करने पर भी विचार किया गया।
अभी तक संयंत्र का संचालन एक एनजीओ कर रहा है। उन्होंने संचालन में आ रही दिक्कतों के निस्तारण के लिए पंचायत भवन बेनीपुर में 11 ग्राम प्रधानों के साथ बैठक किया। ग्राम पंचायतें जो इस संयंत्र के क्षेत्र में आती हैं उनके प्रधानों की बैठक किया तथा प्रधानों से गांव में टैंक खाली कराकर उसे नदी नाले में न फेंकने की सलाह देते हुए संयंत्र स्थल तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस संयंत्र के अंतर्गत कम से कम 40 ग्राम पंचायतों को जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया संयत्र के 25 किलोमीटर की क्षेत्र वाले सभी ग्राम पंचायतों के शौचालयों के टैंक खाली कराकर ग्राम पंचायतें इस शोधक स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था करें।
संयंत्र में तीन हजार लीटर प्रतिदिन अपशिष्ट मल को शोधन करने की क्षमता है। संग्रामपुर संवाददाता के अनुसार भौसिंहपुर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संबंध में उपनिदेशक को जानकारी देते हुए बताया कि यह प्लान्ट 16 लाख की धनराशि से बनकर तैयार हुआ है। इसमें क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा तथा कालिकन धाम प्लास्टिक कचरे से मुक्त रहेगा।
ये भी पढ़ें : Up Global Investors Summit -2023: मंत्री नंदी ने किया रोड शो, कई हजार करोड़ के MOU हुए साइन
