काशीपुर: मानकों का उल्लंघन करने पर मेडिकल का लाइसेंस निरस्त
काशीपुर, अमृत विचार। औषधी निरीक्षक ने प्रशासन के साथ मेडिकल स्टोरों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मानकों का उल्लंघन करने चार मेडिकलों पर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही इनमें से एक मेडिकल के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है।
बुधवार को वरिष्ठ औषधी निरीक्षक नीरज कुमार, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार यूसुफ अली ने पुलिस के साथ विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकलों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मेडिकल संचालकों में हड़कंप मच गया। कुछ संचालक टीम को देखकर मेडिकल के शटर बंद कर भाग निकले। इस दौरान टीम रतन सिनेमा रोड स्थित एक मेडिकल पहुंची।
जहां पर दवाइयों के क्रय-विक्रय के अभिलेख, कोल्ड स्टोरेज औषधियों के लिए फ्रिज, मानकों के अनुरूप औषधियों का भंडारण नहीं पाया गया। जिस पर मेडिकल के लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति कर व्यवसाय पर रोक लगाई गई। इसके बाद टीम लक्ष्मीपुर पट्टी स्थित एक मेडिकल पहुंची। जहां पर बिना फार्मासिस्ट के दवाई बिकती पायी गई और क्षय रोग की औषधियों की पंजिका उपलब्धि नहीं मिली। जिसके चलते अग्रिम आदेशों तक फर्म में दवा के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई। इसके अलावा एमपी चौक स्थित मेडिकल में औधषी भंडारण मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। साथ ही गंदगी, धूल और बिना फर्म स्वामी व फार्मासिस्ट के दवा बिकती पाई गई। जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत फर्म में व्यवसाय पर रोक लगाने की संस्तुति की गई।
रतन सिनेमा रोड स्थित मेडिकल पर भी बिना फार्मासिस्ट के दवा बेचने पर अग्रिम आदेशों तक क्रय-विक्रय पर रोक लगाई। साथ ही आवास विकास स्थित मेडिकल पर मियाद समाप्त औषधी भंडारण के लिए व्यवस्था करने, टांडा उज्जैन स्थित मेडिकल पर एक सप्ताह के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाने, आवास विकास स्थित एक अन्य मेडिकल संचालक को तीन दिन में औषधियों का बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मानकों का मानकों का उल्लंघन करने पर चार मेडिकलों स्टोरों में दवाईयों के क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है। दो मेडिकलों को मौके पर ही बंद कराकर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति भी की गई है। तीन मेडिकलों में भी कमियां मिली हैं, जिन्हे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। - नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधी निरीक्षक
