बदरीनाथ: बदरी-केदार समेत कई क्षेत्रों में साल की पहली बर्फबारी शुरू 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदरीनाथ, अमृत विचार। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के चलते बदरीनाथ व केदारनाथ समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में साल की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी देर शाम तक होती रही। बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड देखने को मिली। लोग दिनभर अलाव जलाकर बैठे रहे। केदारनाथ में तापमान माइनस में जा रहा है फिर भी यहां पुनर्निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। यहां 100 से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं।

बता दें कि देर शाम बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों, नंदा घुंघटी की चोटी, नीती और माणा घाटी में भी बर्फबारी हुई है। वहीं केदारनाथ में इस साल की पहली बर्फबारी हुई, जिससे चारों तरफ की पहाड़ियों ने बर्फ की चादर ढक गई हैं।

केदारनाथ में बर्फ से मंदिर परिसर, मंदिर मार्ग सहित बर्फ से ढक चुके हैं। साथ ही शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया है। केदारपुरी में अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। द्वितीय केदार मद्हेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ क्षेत्र में भी हल्की बर्फबारी हुई है।

इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित जनपद में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि केदारनाथ में इन दिनों 100 से अधिक मजदूर मौजूद हैं। उनके लिए गर्म कपड़ों के साथ ही पर्याप्त राशन और सब्जी उपलब्ध कराई गई है।

संबंधित समाचार