राम मंदिर भूमि पूजन: सभी की भावनाओं का रखना है ध्यान, मंदिर से निकलेगा भाईचारे का संदेश- पीएम
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आज भूमि पूजन पूरा हो गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य पूजा की और इस ऐतिहासिक कार्य की आज अयोध्या साक्षी बनी है। कार्यक्रम में 175 प्रतिष्ठित अतिथि आए हुए हैं। करोड़ों राम भक्तों का सालों का इंतजार आज पूरा हो गया। …
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आज भूमि पूजन पूरा हो गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य पूजा की और इस ऐतिहासिक कार्य की आज अयोध्या साक्षी बनी है। कार्यक्रम में 175 प्रतिष्ठित अतिथि आए हुए हैं। करोड़ों राम भक्तों का सालों का इंतजार आज पूरा हो गया। राम मंदिर की आधारशिला रख दी गई है और विधिवत रूप से राम मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।
02:36 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकेत महाविद्यालय पहुंच चुके हैं और यहां बने हैलीपैड से हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं।
02:25 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि से निकल चुके हैं और साकेत स्थित हैलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए लखनऊ पहुंचेंगे। वहां से वह वायुसेना के विमान के जरिए राजधानी दिल्ली के लिए निकलेंगे। उनको निश्चित तौर पर इस बात का संतोष होगा कि सब कुछ निर्विघ्न और तय शुभ मुहूर्त के अंतर्गत हो गया। आज पीएम मोदी ने 28 साल बाद रामलला के दर्शन किए और उनके सामने साष्टांग दंडवत प्रणाम किया था।
02:20 PM
गृह मंत्री अमित शाह ने भी राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन शुरू होने के बाद ट्वीट कर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने राम मंदिर के लिए संघर्ष करने वाले तपस्वियों को भी नमन किया।
प्रभु श्री राम मंदिर निर्माण असंख्य नाम-अनाम रामभक्तों के सदियों के निरंतर त्याग, संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है।
आज के दिन मैं उन सभी तपस्वियों को नमन करता हूँ जिन्होंने इतने वर्षों तक सनातन संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर के लिए संघर्ष किया।
जय श्री राम!
— Amit Shah (@AmitShah) August 5, 2020
02:07 PM
पीएम मोदी ने यहां अपने संबोधन में कहा कि हमें आपसी प्रेम-भाईचारे के संदेश से राम मंदिर की शिलाओं को जोड़ना है, जब-जब राम को माना है विकास हुआ है। जब भी हम भटके हैं विनाश हुआ है। सभी की भावनाओं का ध्यान रखना है, सबके साथ से और विश्वास से ही सबका विकास करना है। कोरोना के कारण जैसे हालात हैं, राम के द्वारा दिया गया मर्यादा का रास्ता जरूरी है।
01:58 PM
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम की अद्भुत शक्ति देखिए कि इमारतें नष्ट कर दी गईं, अस्तित्व मिटाने का प्रयास भी बहुत हुआ, लेकिन राम आज भी हमारे मन में बसे हैं, हमारी संस्कृति का आधार हैं। श्रीराम भारत की मर्यादा हैं, श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं, हमारे भीतर घुल-मिल गए हैं। कोई काम करना हो, तो प्रेरणा के लिए हम भगवान राम की ओर ही देखते हैं। भारत की आस्था, भारत के लोगों की सामूहिक शक्ति दुनिया के लोगों के लिए अध्य्यन और शोध का विषय है। श्रीराम का चरित्र सबसे अधिक जिस केंद्र बिंदु पर घूमता है, वो है सत्य पर अड़े रहना, इसलिए ही श्रीराम अमिट हैं। वो सदियों से भारत के लिए आस्था का प्रतीक बने हुए हैं।
01:50 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि श्रीराम का मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक प्रतीक बनेगा। हमारी शाश्वत आस्था का प्रतीक बनेगा, राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बनेगा और ये मंदिर करोड़ों-करोड़ों लोगों की सामूहिक शक्ति का भी प्रतीक बनेगा।
पीएम श्री @narendramodi श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का शिलान्यास करते हुए। #JaiShriRam https://t.co/TRcNGerKPk
— BJP (@BJP4India) August 5, 2020
01:39 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वो खुद को सौभाग्यशाली समझते हैं कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इतने बड़े कार्य और राम मंदिर के शुभ भूमि पूजन के लिए उन्हें चुना। करोड़ों लोगों को इस बात का विश्वास ही नहीं हो रहा होगा कि वो अपने जीते-जी इस कार्य को शुरु होते हुए देख रहे हैं। राम जन्मभूमि आज मुक्त हुई है और आज पूरा भारत राममय हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम’, और इस तरह उन्होंने कह दिया कि वो राम मंदिर के लिए कई-कई सालों से चल रहा उनका इंतजार आज पूरा हो गया। बरसों तक रामलला टेंट में रहे थे, लेकिन अब भव्य मंदिर बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि गुलामी के कालखंड में आजादी के लिए आंदोलन चला है, 15 अगस्त का दिन उस आंदोलन का और शहीदों की भावनाओं का प्रतीक है। ठीक उसी तरह राम मंदिर के लिए कई-कई सदियों तक पीढ़ियों ने प्रयास किया है। आज का ये दिन उसी तप-संकल्प का प्रतीक है। राम मंदिर के चले आंदोलन में अर्पण-तर्पण-संघर्ष-संकल्प था।
01:32 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां राम मंदिर का शिलापट जारी किया। इसके अलावा डाकटिकट जारी किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को कर्नाटक से भेजी गई लकड़ी की श्रीराम की प्रतिमा भेंट की।
01:28 PM
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के प्रमुख महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि लोग हमसे पूछते कि मंदिर कब बनेगा? हमने कहा था जब एक ओर मोदी है और दूसरी ओर योगी है, तो अब नहीं बनेगा तो कब बनेगा। अब लोगों को तन-मन-धन से मंदिर निर्माण में जुटना चाहिए और काम को आगे बढ़ाना चाहिए। दुनिया में रह रहे हर हिन्दू की यही इच्छा थी। मंदिर का निर्माण एक नए भारत का निर्माण है, इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर हेतु भूमिपूजन एवं कार्यारम्भ कार्यक्रम में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के साथ मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी… निवेदक : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र… https://t.co/i1GxglSkgl
— Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra (@ShriRamTeerth) August 5, 2020
01:18 PM
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज आनंद का क्षण है, एक संकल्प लिया था। तब के संघप्रमुख देवव्रत जी ने कहा था कि 20-30 साल काम करना होगा, तब ये काम करना होगा। आज 30वें साल की शुरुआत में काम शुरू हुआ है। कई लोग महामारी के कारण नहीं आ पाए, लालकृष्ण आडवाणी जी भी नहीं आ पाए हैं। देश में अब आत्मनिर्भर बनाने की ओर काम जारी है, आज महामारी के बाद पूरा विश्व नए रास्तों को ढूंढ रहा है। जैसे-जैसे मंदिर बनेगा, राम की अयोध्या भी बननी चाहिए। हमारे मन में मंदिर बनना चाहिए और कपट को छोड़ना चाहिए।
01:06 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर निर्माण के लिए आए लोगों को संबोधित कर रहे हैं और उन्होंने कहा कि 135 करोड़ भारतवासियों और पूरी दुनिया में सनातन धर्म के प्रति शुभेच्छा का भाव रखने वालों की भावनाओं को पूरा करने वाले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की न्यायपालिका और कार्यपालिका के साथ संविधान सम्मत तरीके से समस्याओं का समाधान कैसे हो सकता है इसका प्रत्यक्ष दर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कराया है। इस शुभ घड़ी के लिए अनेक पूज्य लोगों ने अपना बलिदान दिया है और उनको आज हम भावपूर्ण तरीके से याद करते हैं। लोकतांत्रिक तरीके से इस समस्या का समाधान निकलवाने के लिए पीएम मोदी का आभार प्रकट करता हूं।
उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और इसके लिए हमारे देश ने 500 सालों का कड़ा संघर्ष देखा. आज उस संघर्ष को याद करते हुए हम उनको नमन करते हैं जिन्होंने इस दिन के लिए अपना बलिदान दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दिन को ऐतिहासिक, भावनात्मक बताते हुए जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपना संक्षिप्त भाषण खत्म किया
12:55 PM
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं।
राम प्रेम हैं
वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकतेराम करुणा हैं
वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकतेराम न्याय हैं
वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 5, 2020
12:46 PM
अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर की आधारशिला रख दी है। भूमि पूजन की सभी प्रक्रिया करने के बाद प्रधानमंत्री ने शुभ मुहूर्त के वक्त आधारशिला रखी।
12:40 PM
अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन पूरा होने वाला है। कुछ देर बाद राम मंदिर का शिलान्यास होगा। इसके लिए चांदी की आधारशिला तैयार की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चांदी के फावड़े और कन्नी से शिलान्यास के कार्यक्रम को पूरा करेंगे। राम मंदिर के शिलान्यास का शुभ मुहूर्त 12 बजकर 44 मिनट का है।
12:25 PM
अयोध्या में विधिवत रूप से पूजा का कार्यक्रम जारी है। देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से शिलाएं लाई गई हैं, जिनपर श्रीराम का नाम लिखा है।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर हेतु भूमिपूजन एवं कार्यारम्भ कार्यक्रम में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के साथ मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी… निवेदक : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र… https://t.co/i1GxglSkgl
— Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra (@ShriRamTeerth) August 5, 2020
12:15 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर भूमि पूजन स्थल पर पहुंच गए हैं। भूमि पूजन का कार्यक्रम शुरू हो गया है। पीएम के साथ योगी आदित्यनाथ, मोहन भागवत, आनंदी बेन पटेल मौजूद हैं।
12:08 AM
पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि परिसर में पारिजात वृक्ष का पौधा रोपण किया। कुछ ही पलों में पीएम मोदी यहां भूमि पूजन करने जा रहे हैं और इसी के साथ राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो रही है।
12:01 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमानगढ़ी में भगवान बजरंग बली की पूजा की। इस दौरान पीएम ने साष्टांग दंडवत प्रणाम किया। वहां से राम जन्मभूमि के लिए निकलकर सिर्फ दो ही मिनट में राम जन्मभूमि पहुंच गए।
11:50 AM
प्रधानमंत्री हनुमानगढ़ी पहुंच गए हैं और यहां वो भगवान हनुमान के दर्शन करेंगे और उनकी आरती करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के प्रांगण में पहुंच चुके हैं और वहां उन्होंने बजरंग बली के सामने शीश नवाया। कोरोना संकट के कारण उन्हें टीका नहीं लगाया जा रहा है।
11:25 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंच गए हैं। यहां से पीएम मोदी सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे। रामलला के दर्शन से पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा करने की आस्था है। वहां पर पूजा करने के बाद भूमि पूजन स्थल के लिए रवाना होंगे।
11:02 AM
राम जन्मभूमि पर योगगुरू बाबा रामदेव, स्वामी अवधेशानंद गिरी, चिदानंद महाराज और अन्य साधु-संत इस समय राम जन्मभूमि निर्माण स्थल पर आ चुके हैं और सभी को बस अब पीएम मोदी का इंतजार है।
10:51 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। अब से कुछ ही देर में वह अयोध्या पहुंचेंगे, जहां हेलिपेड से वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचेंगे।
10:37 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंच गए हैं और यहां से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या में साकेत महाविद्यालय में बने हेलीपैड पर प्रधानमंत्री का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
10:30 AM
अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिसमें 150 युवा, कोविड-मुक्त पुलिसकर्मियों के एक चयनित बल के साथ, उनकी सुरक्षा का आंतरिक घेरा बनाया गया है।
10:20 AM
मैं मर्यादा पुरुषोत्तम राम की मर्यादा से बँधी हूँ । मुझे रामजन्मभूमी न्यास के वरिष्ठ अधिकारी ने शिलान्यास स्थली पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है । इसलिये मैं इस कार्यक्रम में उपस्थित रहूँगी । #RamMandirBhumiPujan
— Uma Bharti (@umasribharti) August 5, 2020
10:16 AM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच चुके हैं। अब से कुछ देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पर पहुंचेंगे। अयोध्या में पूजा शुरू हो गई है, सुबह ही रामलला के दर्शन भी कराए गए हैं. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उमा भारती समेत अन्य कई अहम मेहमान अयोध्या में भूमि पूजन स्थल पर पहुंच चुके हैं।
10:10 AM
भूमिपूजन कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत हैं। राम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी को भी न्योता दिया गया है। अवधेशानंद, स्वामी रामदेव, चिदानंद मुनि, साध्वी ऋतंभरा, पुज्य परमानंद जी महाराज, राघवाचार्य, महामंडलेश्वर अखिलेशानंद, डॉ. श्यामदेव देवाचार्य, जगदगुरु रामानंदाचार्य समेत कई साधु-संत भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
09:51 AM
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर के निर्माण के लिए भव्य भूमि पूजन अनुष्ठान के लिए देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि भगवान राम के आशीर्वाद से भूखमरी, अशिक्षा और गरीबी से भारत को मुक्ति मिले और यह एक शक्तिशाली राष्ट्र बनकर उभरे।
भूमि पूजन के मौक़े पर पूरे देश को बधाई
भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और ग़रीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे।
जय श्री राम! जय बजरंग बली!
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 5, 2020
9:35 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए हुए रवाना। सामने आई फोटो में पीएम मोदी भारतीय परिधान में नजर आ रहे हैं। वे कुर्ता और धोती पहने हुए हैं। पीएम सुबह 11.30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे।
PM @narendramodi leaves for Ayodhya. pic.twitter.com/gIPyz7HCJJ
— PMO India (@PMOIndia) August 5, 2020
9:15 AM
भूमि पूजन से पहले रामलला की तस्वीर सामने आई है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये तस्वीर शेयर की है। ट्वीट के साथ लिखा है, ‘श्री राम जन्मभूमि पर अनुजों सहित विराजमान भगवान श्री रामलला जी के आज प्रातः काल के दिव्य दर्शन।’
श्री राम जन्मभूमि पर अनुजों सहित विराजमान भगवान श्री रामलला जी के आज प्रातः काल के दिव्य दर्शन
Divya Darshans of Bhagwan Shri Ramlalla Virajman from Shri Ram Janmbhoomi complex.#JaiShriRam #RamMandir4Bharat pic.twitter.com/m44AdMmwH6
— Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra (@ShriRamTeerth) August 5, 2020
इस भूमि पूजन में शामिल होने से पहले पीएम मोदी हनुमान गढ़ी में दर्शन करेंगे। हनुमानगढ़ी मंदिर के प्रमुख पुजारी प्रेमदास जी महाराज का कहना है कि प्रधानमंत्री का अयोध्या आना ऐतिहासिक क्षण है, हम उन्हें सम्मानित करेंगे। पीएम को इस दौरान चांदी का मुकुट, गमछा दिया जाएगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राम मंदिर प्रांगण में एक पौधा लगाएंगे। इसके लिए अलग से फावड़ा, कन्नी और अन्य सामानों की व्यवस्था की गई है।
