रुद्रपुर: यूपी में बंगाली परिवारों को उजाड़ने पर भड़का बंगाली समाज
रुद्रपुर, अमृत विचार। यूपी की योगी सरकार पर बंगाली समाज के परिवारों को उजाड़ने के खिलाफ बंगाली समाज के संगठन भड़क गए और उन्होंने यूपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गांधी पार्क में एक दिवसीय भूख हड़ताल की। उनका आरोप था कि सरकार जानबूझकर समाज के लोगों को उजाड़ रही है। आगाह किया कि यदि जल्द ही उजाड़े गए परिवारों को पुनर्विस्थापित नहीं किया तो बंगाली समाज संगठित होकर उग्र आंदोलन करेगा।
गुरुवार सुबह अखिल भारतीय बंगाली एकता मंच, बंगाली कल्याण समिति, बंगाली महासभा, बंगाली छात्र संगठन, इंकलाबी मजदूर केंद्र के अलावा कांग्रेस के नेता गांधी पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के समीप पहुंचे। जहां उन्होंने यूपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक दिवसीय भूख हड़ताल की। उनका कहना था कि गंगानहर बृजघाट, मेरठ, कानपुर सहित कई स्थानों पर बंगाली समुदाय के परिवारों को उजाड़ा जा रहा है, जबकि उजाड़े गए परिवार कई वर्षों से वहां पर रह रहे हैं। आरोप था कि यूपी सरकार जानबूझकर बंगाली परिवारों को बेघर करने पर तूली है।
कहा कि यदि यूपी सरकार ने उजाड़े गए परिवारों को पुनर्विस्थापित नहीं किया और उजाड़े जाने की कार्रवाई बंद नहीं की तो बंगाली समाज संगठित होकर यूपी सरकार की इस कार्रवाई का विरोध करेगी और आगामी चुनावों में मतदान का बहिष्कार करेगी। इस मौके पर सुब्रत विश्वास, समीर राय, शंकर चक्रवर्ती, मानस बैरागी, चंद्रशेखर गागुली, विक्की विश्वास, हिमांशु मंडल, सुभाष दास, नारायण हल्दार, आशुतोष राय, अर्जुन कुमार आदि मौजूद रहे।
