देश में कोरोना मामले साढ़े 19 लाख के पार, रिकवरी दर 67 फीसदी
नई दिल्ली। देश में पिछले लगभग 12 घंटों में 52,756 नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या बुधवार की देर रात साढ़े 19 लाख के पार हो गयी तथा 907 और लोगों की मौत से मृतकाें का आंकड़ा 40 हजार से अधिक हो गया। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की …
नई दिल्ली। देश में पिछले लगभग 12 घंटों में 52,756 नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या बुधवार की देर रात साढ़े 19 लाख के पार हो गयी तथा 907 और लोगों की मौत से मृतकाें का आंकड़ा 40 हजार से अधिक हो गया। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 67 फीसदी के पार पहुंच गयी है। अब तक पौने 13.24 लाख से अधिक लोग इस संक्रमण से निजात पा चुके हैं।
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार सुबह से अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 52 हजार से अधिक नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 19,59,369 हो गयी है। इस दौरान 907 और लोगों की मौत से मृतकों का आंकड़ा 40,727 पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान 42,859 लोगों के स्वस्थ होने के बाद संक्रमण मुक्त लोगों की संख्या 13,24,519 पहुंच गयी है। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की दर 67.59 फीसदी पहुंच गयी जो मंगलवार को 67.22 प्रतिशत रही थी।
देश भर में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 5,93,673 है जो मंगलवार को 5,82,908 थी। इस प्रकार सक्रिय मामलों में 10,765 मरीजों का इजाफा हुआ है। सभी संक्रमित मरीजों का विभिन्न अस्पतालों एवं कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है। इससे पहले आज सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 52,050 लोगों के संक्रमित होने से संक्रमितों की संख्या 18,55,746 हो गयी थी।
बुधवार को सबसे अधिक 10,309 नये मामले कोरोना से सर्वाधिक गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र से सामने आये जहां संक्रमितों की संख्या 4.68 लाख के पार पहुंच गयी है। राज्य में इस दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 1,363 की कमी हुई है जिससे सक्रिय मामले 1,45,961 रह गये तथा 334 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 16,476 हो गया। इस दौरान 6,165 मरीज संक्रमण मुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,05,521 हो गयी।
इसके बाद दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश से सबसे अधिक 10,128 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 1.86 लाख के पार पहुंच गयी जबकि 77 लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 1681 पहुंच गया। राज्य में आज के सर्वाधिक 8729 मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर एक लाख के पार 1,04,354 पहुंच गयी है। राज्य में फिलहाल 80 हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं।
इसके अलावा कर्नाटक में 5,619 नये मामले, तमिलनाडु में 5,175 मामले, उत्तर प्रदेश में 4,078 मामले, पश्चिम बंगाल में 2,816, बिहार में 2701 मामले तथा तेलंगाना में 2012 नये मामले सामने आये। कर्नाटक मंगलवार को ही दिल्ली को पीछे छोड़ चौथे स्थान पर पहुंच गया था और राज्य में संक्रमितों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक हो गयी है।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश एक लाख से अधिक मामलों के साथ महाराष्ट्र, तमिलनाडु (2.73 लाख से अधिक), आंध्र प्रदेश (1.86 लाख से अधिक), कर्नाटक (1.51 लाख से अधिक) और दिल्ली (1.40 लाख से अधिक) के बाद छठा ऐसा राज्य है जहां एक लाख से अधिक मामले हैं। उत्तर प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,04,388 हो गयी है तथा 1857 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 60,558 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं।
इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि गत 14 दिन में कोरोना वायरस को मात देने वाले मरीजों की कुल संख्या में 63.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी केंद्र के कोरोना प्रबंधन का सफल परिणाम है। उन्होंने कहा कि गत 23 जुलाई को देशभर में कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए कुल मरीजों की संख्या 7,82,607 थी , जो पांच अगस्त तक 63.8 प्रतिशत बढ़कर 12,82,215 हो गयी है। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रबंधन के लिए केंद्र सरकार की टेस्ट, ट्रैक, ट्रीट की रणनीति के तहत किये गये प्रयासों से यह परिणाम हासिल हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 जुलाई को देशभर में कोरोना संक्रमण को मात देने वाले संक्रमितों की कुल संख्या 8,17,209, 25 जुलाई को 8,49,432, 26 जुलाई को 8,85,577, 27 जुलाई को 9,17,568 , 28 जुलाई को 9,52,743, 29 जुलाई को 9,88,029, 30 जुलाई को 10,20,582, 31 जुलाई को 10,57,805, एक अगस्त को 10,94,374, दो अगस्त को 11,45,629, तीन अगस्त को 11,86,203, चार अगस्त को 12,30,509 और पांच अगस्त को 12,82,215 हो गयी।
