नैनीताल: कड़ाके की ठंड से कांप रहे पर्यटक, गर्म कपड़ों के बाजार में आया उछाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। बीते शुक्रवार को नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद नगर में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। हालांकि दिन में धूप खिलने से थोड़ा राहत है लेकिन सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचाव के लिए लोग कर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। साथ ही अलाव का भी सहारा ले रहे हैं। रविवार को नगर में अधिकतम 9 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। 

रविवार को नगर में सुबह से ही गुनगुनी धूप खिली थी लेकिन इसके बावजूद ठंड का प्रकोप चरम पर था। वीकेंड पर नैनीताल घूमने पहुंचे सैलानियों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े खरीदने को मजबूर होना पड़ा। रविवार को पंत पार्क में लगने वाली फड़ बाजार भी सुबह से ही सज गई थी। जहां पर पर्यटकों ने स्वेटर, जैकेट, टोपी, गर्म मोजे व मफलर की खरीदारी की। इससे फड़ व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक देखने को मिली।
 

बता दें कि शुक्रवार को हुई बर्फबारी की खबर के बाद कई राज्यों से सैलानी बर्फबारी का आनंद लेने नैनीताल पहुंचे थे। उन लोगों को हिमपात का आनंद लिए बगैर निराश होकर वापस लौटना पड़ा। हालांकि मौसम के जानकारों का कहना है कि अगर इसी तरह से तापमान में गिरावट आती रही तो जल्द ही एक बार फिर से हिमपात हो सकता है। जिसका खासकर व्यापारियों को बेसब्री से इंतजार है क्योंकि अगर बर्फबारी होती है तो बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंचते हैं।

संबंधित समाचार