बरेली: एक साल में 50 परीक्षाएं, 96 प्रतिशत छात्र पास
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परिसर में आयोजित पाठ्यक्रमों की सत्र 2021-22 की परीक्षाओं की वार्षिक रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट के अनुसार एक सत्र में 50 परीक्षाओं का आयोजन किया गया। जिसमें अंतिम वर्ष की परीक्षाओं में छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96 रहा है।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में छह संकायों के 24 विभाग हैं। इन विभागों की 50 परीक्षाओं में 2863 छात्र शामिल हुए। इनमें 2802 छात्र पास हुए। इसके अलावा अंतिम वर्ष की परीक्षा में 991 छात्र शामिल हुए, जिनमें 951 छात्र पास हुए। अंतिम वर्ष में 96 प्रतिशत छात्र पास हुए।
विश्वविद्यालय परिसर की परीक्षाओं का परिणाम औसतन 15 दिन में जारी किया गया। इसके अलावा रिपोर्ट में महाविद्यालयों से संबंधित परीक्षाओं के लिए पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई है। पोर्टल पर परीक्षा कार्यक्रम, परीक्षा की सूचना, परीक्षा फार्म भरने, प्रवेश पत्र जारी होने, ऑनलाइन मार्क्स अपलोड करने, परिणाम जारी करने आदि कार्य किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: ब्लैक स्पॉट को लेकर अफसरों को फिक्र नहीं... संभलकर करें सफर
