Kanpur Accident : 50 मीटर तक बाइक सवार को घसीटते ले गई लग्जरी कार, हादसे में सब्जी विक्रेता की मौत
Kanpur Accident कानपुर में सब्जी विक्रेता की मौत से परिजनों में मचा कोहराम।
Kanpur Accident कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में 50 मीटर तक बाइक सवार को लग्जरी कार घसीटते ले गई। हादसे में सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Accident ट्रैफिक नियमों को तोड़कर वाहनों को हवा से बातें कराना जिंदगियों पर भारी साबित हो रहा है। बिठूर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार लग्जरी कार ने बाइक सवार सब्जी विक्रेता को न सिर्फ टक्कर मारी, बल्कि 50 मीटर तक घसीटते ले गए। उनकी हैलट अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है।
चौबेपुर के बूढ़नपुर गांव निवासी 65 वर्षीय शिवराज वर्मा सब्जी विक्रेता थे। बेटे ईशू ने बताया कि पिता शनिवार की रात करीब तीन बजे बाइक से पालक लादकर नवाबगंज मंडी जा रहे थे। अभी वह बिठूर थानाक्षेत्र के मैनावती मार्ग पर इस्कान मंदिर के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही लग्जरी कार उसे टक्कर मारते हुए करीब 50 मीटर तक घसीटते चली गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार व बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। बेटे ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर पिता की सांसे चल रही थी। पिता फोन नहीं रखते थे, लेकिन उन्होंने ही सिपाहियों को उनका नंबर बताया।
पुलिस ने नाजुक हालत में पिता को हैलट अस्पताल पहुंचाया । घटना की जानकारी होते ही चचेरे भाई शैलेंद्र को दी। वह लोग आनन-फानन हैलट पहुंचे, जहां इमरजेंसी में उनकी मौत हो गई। बिठूर पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, मामले में सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
दो बेटियों की होनी है शादी, सता रही भविष्य की चिंता
शिवराज की पत्नी कृष्णा ने बताया कि उनकी पांच बेटी सुमन, किरन, गुड़िया, बसंती, नन्ही, एक बेटा ईशू है। उनका कहना था कि तीन बेटी की शादी हो चुकी है, लेकिन बसंती व नन्ही की शादी होनी है, अब वह कैसे परिवार का भरण पोषण करेंगी। उनके भविष्य की चिंता सता रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सिलाई कारीगर की मौत
पनकी गंगागंज ब्लॉक निवासी 35 वर्षीय विनय कुमार चौधरी उर्फ बब्लू नौबस्ता की एक फैक्ट्री में तिरपाल की सिलाई का काम करते थे। भाई जयंत ने बताया कि उसने शनिवार रात नौ बजे घर की सब्जी लाने के लिए फोन किया था। इसके कुछ देर बाद पुलिस वालों ने फोन कर बसंत बिहार के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो जाने की जानकारी दी।
जिससे परिवार में कोहराम मच गया। बब्लू की पत्नी संगीता व दो बच्चे विशाल व ईशा हैं। हनुमंत विहार पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी लोडर से टक्कर बताई जा रही है, लेकिन अभी पुष्टि नहीं है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बस की चपेट में आकर तोड़ा दम
थाना गुजैनी निवासी 55 वर्षीय आदित्य कटियार बाइक से जा रहे थे, तभी कल्याणपुर थाने की पनकी पुलिस चौकी रोड के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान हादसे के बाद भाग रही बस को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस उन्हें नाजुक हालत में निजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जेब से मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी।
रोज रफ्तार बन रही काल
लापरवाही के कारण हादसों में रोज किसी न किसी की जान जा रही है, लेकिन इसके बाद भी लोग नहीं चेत रहे हैं। हाल ही में रेलबाजार थानाक्षेत्र अंतर्गत जाजमऊ डिफेंस कालोनी निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी सुशील कुमार सिंह स्कूटी से ट्रांसपोर्ट नगर दुकान जा रहे थे, इस दौरान तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से वह काफी दूर घिसटते चले गए थे। पुलिस परिजनों का इंतजार ही करती रही थी, जिससे उन्होंने सड़क पर दम तोड़ दिया था।
इसी तरह तीन दिन पूर्व कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत मसवापुर चौराहे पर सब्जी विक्रेता अनिल को ट्रक ने टक्कर मार दी थी, इस दौरान भागते हुए वह उसे करीब 50 मीटर तक घसीटते ले गया था। मौके पर उसकी दर्दनाक मौत हो जाने से नाराज परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा कर दिया था। चालक के खिलाफ कार्रवाई के बाद ही परिजन माने थे।
