अयोध्या : रक्तदान के लिए 21 महिलाओं को रक्त वीरांगना सम्मान
कवियों ने अपनी रचनाओं से रक्तदान के प्रति लोगों को किया जागरूक
अयोध्या। रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के एक होटल में रक्तदान विषय पर कवि सम्मेलन व संगोष्ठी का आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. मंजूषा पांडेय व विशिष्ट अतिथि श्वेता राज व मिन्हाल सुगरा ने जिले की 21 मातृशक्तियों को मेडल व स्मृति चिह्न भेंट कर रक्त रक्तदान करने के लिए वीरांगना सम्मान से अलंकृत किया। इस दौरान कवियों ने अपनी रचनाओं से लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मंजूषा पाण्डेय ने कहा कि रक्त की सर्वाधिक जरूरत महिलाओं को पड़ती है लेकिन महिलाएं रक्तदान के क्षेत्र में पीछे हैं। इसका एक मात्र कारण इसके प्रति जागरूकता का अभाव है, इसलिए महिलाओं को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। वहीं कवि सम्मेलन में आशु कवि अशोक टाटम्बरी, शैलेन्द्र तिवारी मासूम, सुनीता पाठक, रीता शर्मा, रणजीत यादव व नन्हीं कवियत्री आद्विका भारद्वाज ने अपनी रचनाओं से रक्तदान के प्रति जागरूक किया। समारोह में अभिलाषा सिंह, ज्योत्सना, नीलम, सोनी, पूनम, दीपिका सहित 21 महिलाएं सम्मानित हुई। इस मौके पर आकांक्षा सिंह, एसबी सागर, अमरेश, मनीष, मो. अहद, शैलेंद्र, बबिता, मीना अवस्थी आदि मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें : अन्न का उत्पादन करने वाला किसान देश की रीढ़: आनंदी बेन
