सुलतानपुर : एसडीएम से नाराज किसान करेंगे पदयात्रा, जाएंगे सीएम आवास
धरने में एसडीएम के नहीं पहुंचने पर किसान नाराज
सुलतानपुर। समस्याओं को लेकर 123 दिन से धरने पर बैठे किसानों की समस्याएं सुनने के लिए बार-बार बुलाने के बावजूद एसडीएम के न आने से नाराज किसान पदाधिकारियों ने पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री आवास तक जाने का निर्णय लिया है। किसानों का कहना है कि अब किसान समस्याओं का निस्तारण मुख्यमंत्री आवास पर ही होगा।
भारतीय किसान यूनियन हिंद गुट के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात कुमार उर्फ सूरज सिंह ने कहा कि 16 सितंबर वर्ष 2022 से पुरानी तहसील परिसर में काफी संख्या में किसान समस्याओं को लेकर अनवरत धरने पर बैठे हैं। तहसील के सक्षम अधिकारी किसानों की समस्याओं का आधा अधूरा निस्तारण करने के बाद चुप बैठे हैं। एसडीएम को कई बार बुलाने के बाद भी किसानों की समस्याएं सुनने नहीं आई। जिला अध्यक्ष कमलेश वर्मा ने कहा कि 30 जनवरी को लंभुआ से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास तक काफी संख्या में किसानों की पदयात्रा जाएगी और अब किसानों की समस्याओं का वहां ही निस्तारण होगा। मंडल अध्यक्ष अयोध्या मनीष सिंह ने कहा कि किसान समस्याओं के निस्तारण में अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं।
तहसील अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि एक अभियान चलाकर विभिन्न जनपदों के सैकड़ों किसान इकट्ठा होकर आमजन के अधिकारों का हनन करने वाले नौकरशाह के खिलाफ आवाज उठाएंगे। मौके पर जिला महासचिव रामदयाल यादव, तहसील महासचिव शाहिद अली, पप्पू, संगीता, विमला, भास्कर सिंह, विपिन सिंह, रमाशंकर, मदनमोहन, दिलशाद, ऋषि नारायण आदि किसान मौजूद थे।
ये भी पढ़ें : सुलतानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सांड़ से टकराई कार, सांड़ की मौत
