कानपुर: फरवरी से पब्लिक के लिए खुलेगी Greenpark की विजिटर गैलरी
स्मार्ट सिटी के तहत ग्रीनपार्क में बैडमिंटन और टेबल टेनिस भी जल्द होगा तैयार
अमृत विचार, कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में बनी विजिटर गैलरी (आगंतुक दीर्घा) 19 फरवरी से जनता के लिए खोल दी जाएगी। खेल विभाग और यूपीसीए के सहयोग से कानपुर स्मार्ट सिटी की परियोजना के पहले चरण का काम पूरा हो गया है। दूसरे चरण का काम होते ही इसके उद्घाटन और संचालन की योजना प्रशासन ने बना ली है। प्रवेश शुल्क और दैनिक सुविधाओं के प्रबंधन के लिए समिति बना दी गई है। शहर को स्पोर्ट्स सिटी बनाने के उद्देश्य से भी ग्रीन पार्क स्टेडियम परिसर में कई खेल संबंधी प्रमुख परियोजनाओं चल रही हैं। जिनके कार्यों का मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने भी निरीक्षण किया है और जल्द कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बैडमिंटन और टेबल टेनिस हाल भी तैयार
ग्रीनपार्क में बैडमिंटन और टेबल टेनिस हॉल के आधुनिकीकरण और उन्नयन का कार्य लगभग पूरा हो गया है। यहां सिंथेटिक मैटिंग के साथ 5 लकड़ी के बैडमिंटन कोर्ट होंगे। इसमें 6 से 8 टेबल टेनिस कोर्ट की सुविधा होगी। स्मार्ट सिटी ने कार्य पूरा कर जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति को संचालन एवं प्रबंधन के लिए दे दिया है। मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने डीएम की अध्यक्षता में जिला खेल समिति द्वारा प्रबंधन के तौर-तरीकों को अंतिम रूप देने के बाद इसे फरवरी माह में जनता के लिए खोले जाने को कहा है। उन्होंने डीडी स्पोर्ट्स और नगर आयुक्त को अगले 15 दिनों में इस नए बैडमिंटन हॉल के लिए मुख्य सड़क से मुख्य प्रवेश बिंदु की मरम्मत और नवीनीकरण करने का भी निर्देश दिया।
आधुनिक जिम का काम 70 फीसदी पूरा
कानपुर के लोगों की जरूरतों को देखते हुए, कानपुर स्मार्ट सिटी ने खेल विभाग के साथ मिलकर ग्रीन पार्क में जिम हॉल के आधुनिकीकरण और उन्नयन का काम शुरू किया है। डॉ. राजशेखर ने बताया कि नॉमिनल यूजर चार्जेस के साथ एक बेहतर सुविधा देने के उद्देश से यह प्रोजेक्ट लागू किया जा रहा है। जिसके कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 70 फीसदी है। शेष कार्य अगले एक महीने में कार्य पूरा कर लिया जाएगा और मार्च में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। आधुनिक जिम में सभी आधुनिक जिम उपकरण, 50 क्षमता वाला एक नया योग कक्ष कक्ष, 6 टेबल क्षमता वाला एक नया फिजियो थेरेपी रूम जैसी सुविधाएं होंगी। इसमें सौना और स्टीम बाथ की सुविधा भी होगी।
क्रिकेटरों के लिए मीडिया गैलेरी में लिफ्ट
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों और मीडियाकर्मियों की आवश्यकता और मांग को देखते हुए कानपुर स्मार्ट सिटी ने मीडिया गैलरी और ग्रीन पार्क स्टेडियम के केंद्र में लिफ्ट लगाने की परियोजना शुरू की है। इस नई लिफ्ट में 8 क्षमता होगी। यहां सिविल कार्य 15 दिन पहले शुरू किया गया है और यह अगले 2 महीनों में मार्च के मध्य तक पूरा हो जाएगा। उसके बाद मार्च और अप्रैल के महीने में लिफ्ट की स्थापना और परीक्षण किया जाएगा। अप्रैल के अंत तक यह लिफ्ट क्रिकेटर्स और मीडियाकर्मियों द्वारा मैचों के दौरान उपयोग के लिए तैयार हो जाएगी। मंडलायुक्त ने ईई पीडब्ल्यूडी बिल्डिंग डिवीजन, डीडी स्पोर्ट्स, नोडल स्मार्ट सिटी को मीडिया गैलरी के दूसरी तरफ एक अतिरिक्त लिफ्ट के विकल्प की परीक्षण करने के लिए कहा है। अगले एक सप्ताह में स्मार्ट सिटी को प्रस्ताव सौंपने के लिए निर्देश दिए हैं। जर्जर बास्केटबॉल कोर्ट को भी जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिऐ हैं।
ये भी पढ़ें - Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 की तैयारियों को लेकर सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए यह बड़ा निर्देश
