राम मंदिर पर बयानबाजी में बुरे फंसे नायब तहसीलदार, डीएम बोलीं- होगी कड़ी कार्रवाई
गाजीपुर। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर और पूजा करने वालों पर विवादित बयान देने वाले गाजीपुर के नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गई है।जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए कहा है कि नायब तहसीलदार द्वारा कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करते हुए ऐसा बयान दिया है। जांच करा कर इस मामले में कार्रवाई होगी।
वहीं एडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि डीएम ने नायब तहसीलदार पर कार्यवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी है। उनका वीडियो वायरल होने के बाद निवर्तमान भाजपा विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि यह तहसीलदार के मानसिक दिवालियापन का असर है, जो इस तरह के बोल रहे हैं। उन्होंने एसडीएम और जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की बात कही है।
ये है मामला
सेवराई तहसील के नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर मंगलवार को विशेष उच्च शिक्षा सचिव समेत अन्य अधिकारियों संग मां कामाख्या धाम पर दर्शन कराकर लौटने के बाद एक विवादित बयान दिया जिसे वहां कुछ लोगों ने रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने कहा था कि, राम मंदिर में पूजा करने वाले लोग बेवकूफ हैं, यह एक दुकानदारी है।
यह भी पढ़ें:-सुल्तानपुर में जंगली भेड़िये ने डेढ़ साल की बच्ची को मार डाला
