लालकुआं: सैनिक कल्याण मंत्री की अपील- पूर्व सैनिक रोजगार देने वाले बनें

 लालकुआं: सैनिक कल्याण मंत्री की अपील- पूर्व सैनिक रोजगार देने वाले बनें

लालकुआं, अमृत विचार। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को काररोड स्थित कारगिल शहीद स्मारक में देश की आन बान शान पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय रक्षाराज्य मंत्री से वार्ता का आश्वासन दिया। इस मौके पर उन्होंने बिंदुखत्ता के पूर्व सैनिक संगठन को एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। 


जोशी ने कहा कि राज्य चारधाम के अलावा पांचवां सैन्य धाम बनाया जा रहा है। सरकार शहीदों के आश्रितों के कल्याण के लिए प्रयासरत है। शहीद स्मारक के निकट सैनिक सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि आवंटित हो चुकी है जल्द ही निर्माण शुरू होगा। इसके  बाद उन्होंने पूर्व सैनिक सूबेदार रंजीत सिंह गडिया की तेल पिराई, पाश्ता एवं मैक्रोनी मशीनों का फीता काटकर शुभारंभ किया।

पूर्व सैनिक ने बताया कि इस प्लांट से 15 लोगों को रोजगार मिलेगा। सैनिक कल्याण मंत्री ने सैनिकों से रोजगार देने वाले बनने की अपील की। पूर्व सैनिकों को मेक इंन इंडिया सपने को साकार करना है। उन्होंने यह भी बताया कि सैनिक आजीविका एवं प्रशिक्षण केंद्र के लिए एक बीघा भूमि के लिए वन विभाग से मंजूरी मिल गई है।

प्रधानमंत्री स्वरोजगार सृजन योजना के तहत राज्य में 1,631 यूनिट स्थापित की गई हैं, इनसे 12,904 से अधिक जरूरतमंदों को रोजगार मिला है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख रूपा देवी,  जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडल अध्यक्ष जगदीश पंत, देवेन्द्र बिष्ट, लक्ष्मण खाती, खीमानन्द शर्मा, रामसिंह पपोला, पूर्व कर्नल प्रताप सिंह,  खिलाफ सिंह दानू, प्रकाश मिश्रा,  शेर सिंह दानू, रंजीत सिह, प्रेम सिंह, चंचल सिंह कोरंगा, सुरेन्द्र सिंह, दीपक जोशी आदि मौजूद थे।