मेरठ: समस्याओं का समाधान ना होने तक जारी रहेगा अभियान- सर्वेश पुंडीर
मेरठ, अमृत विचार। गन्ने के मूल्य की जब तक घोषणा नहीं होती किसान संदेश अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसान आवारा पशुओं से परेशान है। वहीं, समय से गन्ना भुगतान नहीं हो पा रहा है। परंतु प्रदेश की भाजपा सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
राष्ट्रीय लोकदल की महिला प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सर्वेश पुंडीर शुक्रवार को लावड़ कस्बे में पहुंची। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर सभी जिलों में किसान संदेश अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान तब तक चलता रहेगा, जब तक प्रदेश की भाजपा सरकार गन्ने का मूल्य घोषित नहीं करती।
साथ ही आवारा पशुओं से किसानों को निजात नहीं मिलती। कहा कि रालोद ही किसानों की सच्ची हितैषी है। निरंतर लोकदल किसानों के हित के लिए लड़ाई लड़ती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए वह गांव गांव जाकर किसानों से पत्र लिखवाएं। इस दौरान उन्होंने लावड़, मोहम्मदपुर, मीठेपुर, देदवा अझौता आदि गांव में किसानों से पत्र लिखवाए।
यह भी पढ़ें- मेरठ: तेजाब कांड में आरोपियों को 14-14 साल की सजा, एक-एक लाख का लगाया गया जुर्माना
