बरेली: शहर में 23 सौ करोड़ का निवेश और 10 हजार रोजगार... सपना हसीन है बशर्ते सच हो जाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीडीए का दावा- कई प्रदेशों के निवेशक दे चुके हैं सहमति, बरेली में बनेंगे आठ अस्पताल, पांच होटल और 11 आवासीय परियोजनाएं

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में अधिकतम निवेश लाने की कोशिशों में बीडीए भी शामिल हो गया है। दावा किया जा रहा है कि बीडीए ने दिल्ली, हिमाचल, पंजाब समेत कई प्रदेशों के 39 निवेशकों की शहर में 2326 करोड़ के प्रोजेक्ट लगाने की सहमति हासिल कर ली है। अमेरिका की एक कंपनी प्रदेश में छह अस्पताल खोलने जा रही है, इनमें से डेढ़ सौ करोड़ से एक अस्पताल रामगंगा नगर परियोजना में भी खुलेगा। बरेली में 23 सौ करोड़ से ज्यादा के निवेश से 10 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली: गलत तरीके से बीमा के लिए किया क्लेम, आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह के मुताबिक प्रदेश सरकार लगातार उन निवेशकों के संपर्क में है जो अलग-अलग परियोजनाओं में निवेश करने के इच्छुक हैं। बीडीए ने भी अपनी कोशिशों से देश भर के 39 निवेशकों से बरेली में निवेश करने की सहमति हासिल की है। सभी निवेशक दिल्ली और लखनऊ के बीच बरेली में निवेश करने के पीछे काफी संभावनाएं देख रहे हैं। बीडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक दिल्ली के अजय कुमार ने रामगंगानगर में इंटिग्रेटेड टाउनशिप का निर्माण कराने की सहमति दी है जिस पर 1500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस प्रोजेक्ट से लगभग 3000 स्किल्ड कर्मचारियों को रोजगार मिलेगा।

इसके अलावा यह परियोजना अकुशल श्रमिकों, निर्माण प्रोजेक्ट से जुड़े कारीगरों, ईट-रेत,लोहा-सीमेंट कारोबार से जुड़े तमाम लोगों को भी रोजगार देगी। यह प्रोजेक्ट 3 साल में पूरा होगा। अमेरिका की साफ्टवेयर कंपनी एमएक्यू के नवीन पिल्लई की ओर से 150 करोड़ के उनके प्रोजेक्ट में 4 हजार लोगों को राेजगार मिलने की उम्मीद जताई गई है। यह परियोजना पूरी होने के बाद भी सैकड़ों लोगों को स्थाई रोजगार मिलेगा। कुल मिलाकर 39 परियोजनाओं में दस हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

इन निवेशकों ने बीडीए में कराया पंजीकरण
नए प्रोजेक्ट शहर के साथ रामगंगा नगर में भी लगेंगे। चार से 10 करोड़ का प्रोजेक्ट लगाने वाले कई निवेशकों ने बीडीए में पंजीकरण करा लिया है। इनमें से मेबलिस ग्रुप ने 1500 करोड़, मेसर्स महाजीवन दीप मैडिकेयर प्रालि ने 20 करोड़, विजन सोर्स एलएलपी ने 150 करोड़, गिरिराज बिल्डर्स एंड डेवलपर्स ने 25 करोड़, जेएचएम इन्फ्राहोम्स प्रालि ने 6 करोड़, ट्राइज मेडिकल इंस्टीट्यूट ने 75 करोड़, गोल्डन आई इन्फ्रास्ट्रक्चर ने 50 करोड़, रियल इमेज डेवलपर्स ने 75 करोड़, होटल वंडर लैंड ने 60 करोड़, आधार इन्फ्रा बिल्डर ने 8 करोड़, मैक्स लाइफ सुपर स्पेशियलिटी हाॅस्पिटल, रुहेलखंड आयुर्वेदिक मेडिकल काॅलेज ने 75 करोड़, अर्बन काॅपरेटिव बैंक ने 17 करोड़, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने 30 करोड़ और नारायण वृंदावन ने 16 करोड़ का निवेश करने की सहमति दी है।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले और आसपास के हजारों लोगों को रोजगार के द्वार खुल गए हैं। बीडीए ने रामगंगा नगर परियोजना और प्रस्तावित ग्रेटर बरेली योजना में निवेशकों को आमंत्रित किया है। निवेशकों को यह लैंड मार्क लगा और वे 2326 करोड़ के प्रोजेक्ट लगाने के लिए तैयार हो गएहैं। बीडीए ने भी युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता साफ किया है---
जोगिंदर सिंह, बीडीए उपाध्यक्ष।

आईएमए हॉल में 24 जनवरी को होगा कार्यक्रम, जिले भर के उद्यमी पहुंचेंगे
बरेली में नए उद्योग लगाने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए शहर की पांच संस्थाओं की ओर से 24 जनवरी को आईएमए हॉल में बरेली इन्वेस्टर एवं निर्यातक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। औद्योगिक विकास निर्यात प्रोत्साहन एनआरआई निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल नंदी इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि और सांसद संतोष गंगवार बतौर विशिष्ट अतिथि हिस्सा लेंगे।

आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन तनुज भसीन और यूपी सेंट्रल चैंबर ऑफ कॉमर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अभिनव अग्रवाल ने आईएमए हॉल में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सुबह 9.30 बजे से दोपहर दो बजे तक आईएमए हाल में इन्वेस्टर समिट कार्यक्रम होगा। इसमें बरेली में उद्यम लगाने वाले उद्यमी रजिस्ट्रेशन कराएंगे। इस दौरान औद्योगिक विकास मंत्री बरेली में निवेश करने के इच्छुक उद्यमियों से रूबरू होगें और उद्यम लगाने में सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देंगे। उद्योग लगाने में कोई दिक्कत आ रही है तो उसे भी हल कराएंगे।

उन्होंने बताया कि इस समिट में आसपास के उद्यमी भी शामिल होगें। प्रेस वार्ता के दौरान मयूर धीरवानी , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश सुंदरानी, कोषाध्यक्ष रजत मेहरोत्रा, सलिल बंसल, अध्यक्ष चैंबर ऑफ कामर्स- 2 राजेश गुप्ता. अध्यक्ष लघु उद्योग भारती उन्मुक्त संभव शील, पीयूष कुमार अग्रवाल, शेखर अग्रवाल, प्रियांक मूना, अभिनव कटरू, शार्दूल भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली: सफाईकर्मी लालच देकर दूसरों को करवाता था धर्म परिवर्तन, निलंबित

संबंधित समाचार