बरेली: ताबड़तोड़ कत्ल... साल की शुरुआत पर जड़, जोरू और जमीन के विवादों का साया

21 दिन में हत्या की 17 वारदातों से दहला बरेली, जमीन और अवैध संबंधों की वजह से बहा सबसे ज्यादा खून

बरेली: ताबड़तोड़ कत्ल... साल की शुरुआत पर जड़, जोरू और जमीन के विवादों का साया

ओमेन्द्र सिंह, बरेली, अमृत विचार। नए साल की शुरुआत में ही जिले में जड़, जोरू और जमीन के विवादों का साया ऐसा गहराया कि 21 दिन के अंदर हत्या की 17 वारदातें हो गईं। ज्यादातर वारदातों में हत्या के पीछे जमीन और अवैध संबंध कारण के तौर पर सामने आए। एक-दो वारदातों में मामूली विवाद के बाद मूंछ की लड़ाई भी हत्या की वजह बनी। इनमें कई वारदातों की गुत्थी पुलिस अब तक नहीं सुलझा सकी है।

यह भी पढ़ें- बरेली: 6.34 लाख रुपये लेने के बाद निकाह से इंकार, पीड़ित ने न्याय की लगाई गुहार

जनवरी की दो तारीख को एक ही दिन में जिले में हत्या की तीन वारदातें हुईं और इसके बाद अब तक यह सिलसिला रुका नहीं है। दो जनवरी को भी जिले में दो हत्याएं हुईं। इसके बाद 17 जनवरी को भी दो लोगों की जान ले ली गई। जनवरी में अब तक हुईं हत्या की कुल 17 वारदातों में से चार वारदातों में पुलिस हत्यारों तक पहुंचना तो दूर, हत्या के कारण का भी पता नहीं लगा सकी है। हत्या करके फेंकी गई दो लाशों की शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। इनमें एक महिला थी।

सर्वाधिक सनसनीखेज वारदात 11 जनवरी की शाम फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर में हुई जहां कटरी के इलाके में जमीनों पर कब्जे की जंग में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। जब फायरिंग रुकी तब तक तीन लोगों के लाशें बिछ चुकी थीं। एक पक्ष का सरदार परमिंर सिंह, देवेंद्र सिंह और दूसरे पक्ष का गुल मोहम्मद मारा गया। इस हमले में रायपुर हंस का हिस्ट्रीशीटर सुरेश पाल सिंह तोमर उर्फ सुरेश प्रधान भी गंभीर रूप से घायल हुआ। दूसरे पक्ष का सुरेन्द्र सिंह घायल हो गया। इस घटना के बाद अब तक कई लोग सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। कई को पुलिस तलाश कर रही है।

खून से रंगा जनवरी 2023
2 जनवरी- हजियापुर में दूसरे समुदाय के दोस्त के साथ घूमने पर युवक के पिता सरताज की हत्या कर दी गई। इस मामले में बेटे दाऊद शेख की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

2- जनवरी- शेरगढ़ के नगरिया कलां में नाले के निर्माण के दौरान ग्राम प्रधान नाजिमा के जेठ शराफत की अतिक्रमणकारी शकील पक्ष के लोगों ने पथराव करके हत्या कर दी थी।

2 जनवरी- हाफिजगंज इलाके में अज्ञात युवक का चादर में लिपटा हुआ शव मिला। इस प्रकरण में पुलिस अब तक मरने वाले की शिनाख्त नहीं कर सकी है।

3 जनवरी- बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव बरौरी में रहने वाले कैफे संचालक हिमांशु का शव खेत में पड़ा मिला।

3 जनवरी- फरीदपुर के मोहल्ला परा में शिवा शुक्ला ने दरवाजे के सामने से निकलने पर अभिनव सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी। अभिनव का दोस्त प्रियांक भी गोली लगने से घायल हो गया। इस प्रकरण में आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

6 जनवरी- आंवला के गुलड़िया में अधेड़ महिला का अर्धनग्न शव मिला, अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।

7 जनवरी- कैंट के कांधरपुर में महेंद्र पटेल के बेटे रोहित की हत्या गला काटकर कर दी गई थी। उसकी पत्नी आरती और उसके के प्रेमी ने वारदात को अंजाम दिया। इस हत्या के तीनों आरोपी जेल जा चुके हैं।

9 जनवरी- फरीदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी युवक सुनील कुमार की हत्या कर दी गई, उस पर दुष्कर्म का आरोप था। सुनील का शव नवादा गांव के रास्ते पर पेड़ पर टंगा मिला था।

10 जनवरी- रात में फरीदपुर की श्मशान भूमि में चढ़ावे के विवाद में बाबा भूषणनाथ की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस प्रकरण में उनके चेले ओंकार नाथ को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा।

11 जनवरी- फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर में जमीनों पर कब्जे के विवाद में हुई फायरिंग में परमिंदर सिंह, देवेंद्र और गुल मोहम्मद समेत तीन लोग मारे गए। कई आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं।

15 जनवरी- फरीदपुर के फर्रखपुर मोहल्ले में रहने वाले नसीर की हत्या कर दी गई। परिजनों ने उसके दोस्त असलम पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि सौ रुपये के लिए हत्या की गई है। शनिवार को नसीर के शव का पोस्टमार्टम किया गया।

17 जनवरी- हाफिजगंज थाना क्षेत्र में सड़क पर साइड न देने पर दबंगों ने नौआ नगला निवासी किसान परमानंद की हत्या कर दी। भौवा नगला के पोथीराम से उसका विवाद होने के कुछ ही देर बाद हत्या कर दी गई।

17 जनवरी- प्रेमनगर के कोहड़ापीर में बुजुर्ग महिला फरीदा बेगम की अज्ञात व्यक्ति ने सिर पर प्रहार करके हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

19 जनवरी- फरीदपुर के थाना क्षेत्र के गांव सिमरा बोरीपुर निवासी पवन सिंह उर्फ नक्के ने पत्नी की सरिता की हत्या कुल्हाड़ी से वार करके कर दी। बताया जाता है कि मामूली कहासुनी के कारण आरोपी आपा खो बैठा।

21 जनवरी- बहेड़ी के गांव दौलतपुर में सात वर्षीय मासूम की मौत संदिग्ध हालात में हो गई। बच्ची के पिता ने हत्या का आरोप अपनी दूसरी पत्नी पर लगाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

अपराधों को रोकने के लिए पुलिस प्रयासरत है। गांवों में चल रही रंजिश का भी पता किया जा रहा है। पुलिस अपना काम कर रही है। हर थाने में गांवों की रंजिश का विवरण रहेगा तो वारदातों को रोकने में मदद मिलेगी। इसके अलावा मुखबिर तंत्र भी मजबूत किया जाएगा---डॉ. राकेश कुमार सिंह आईजी।

यह भी पढ़ें- बरेली: सहेली के साथ महंदी लगवाने गई युवती लापता, परिजन ने लगाया अपहरण आरोप