पुलिस को मिले अबू आजमी को जान से मारने की धमकी के सुराग
मुंबई। समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख एवं विधायक अबू आसिम आजमी को जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। स्थानीय कोलाबा थाने ने रविवार को कहा कि उन्होंने आरोपी के खिलाफ तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए हैं और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार को आजमी के निजी सहायक को एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने मुगल बादशाह औरंगजेब को भद्दी गालियां दी और आजमी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद, कोलाबा पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) और 504 के तहत आपराधिक धमकी के लिए प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
अधिकारी ने कहा, “कॉल करने वाले व्यक्ति ने आजमी के निजी सहायक के साथ-साथ औरंगजेब को भी गाली दी और फिर आजमी को जान से मारने की धमकी दी।”
ये भी पढ़ें- SP नेता अबू आजमी को जान से मारने की मिली धमकी, जानिए पूरा मामला
