बरेली: 150 छात्रों ने विषय परिवर्तन को दिया आवेदन, आज अंतिम तिथि
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के करीब 150 छात्रों ने विषय परिवर्तन के लिए आवेदन किया है। इनमें कई छात्र ऐसे हैं, जो कला संकाय के हैं लेकिन विज्ञान के माइनर विषय चुन लिए थे लेकिन अब परिवर्तन कर कला के ही विषय चुने हैं। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 12 से 20 जनवरी तक महाविद्यालयों को नए प्रवेश और 23 जनवरी तक विषय परिवर्तन के लिए पोर्टल खोला था। महाविद्यालयों के पास सोमवार तक ही विषय परिवर्तन कर डेटा अपलोड करने का अंतिम मौका है।
यह भी पढ़ें- बरेली: 29 जनवरी को होगा गरीब नवाज़ का कुल शरीफ
बरेली कॉलेज के मुख्य प्रवेश नियंत्रक डा. एके सिंह ने बताया कि स्नातक (बीए, बीएससी और बीकॉम) के करीब 150 छात्रों ने विषय परिवर्तन के लिए आवेदन दिया है। इसमें सबसे अधिक 15 छात्रों ने अंग्रेजी, चित्रकला, इतिहास व अन्य विषयों को छोड़कर भूगोल को चुना है।
इसके अलावा बीएससी जीव विज्ञान के पांच छात्रों ने रसायन विज्ञान छोड़कर बायोटेक्नोलॉजी का चयन किया है। कला संकाय के छात्रों ने विज्ञान विषय के माइनर विषयों को छोड़कर फिर से कला के विषय चुने हैं। इसके अलावा सबसे ज्यादा माइनर विषय का चयन सांख्यिकी का किया गया है। इसमें 54 छात्रों ने विषय चयन किया है जबकि प्रवेश करीब 20 छात्रों ने ही लिया था। सभी छात्रों के आवेदन पर विचार किया जा रहा है।
निर्धारित समय में विषय परिवर्तन कर छात्रों का डेटा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पोर्टल पर स्नातक में 195170 छात्रों ने पंजीकरण कराया और 164760 प्रवेशित छात्रों का डेटा अपडेट किया गया है। बरेली कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम में 4654 प्रवेश हुए। कॉलेज में इनकी ईडब्ल्यूएस सहित 4928 सीटें हैं, जिनमें से 274 सीटें रिक्त रह गईं। इनमें बीएससी गणित की ईडब्ल्यूएस की सभी 88 सीटें रिक्त रहीं।
यह भी पढ़ें- बरेली: निपटा लें जरूरी काम, इस महीने में पांच दिन बंद रहेंगे बैंक
