स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर भड़के अयोध्या के व्यापारी, कोतवाली में दी तहरीर
अयोध्या, अमृत विचार। व्यापारी वर्ग भी सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से रामचरित मानस पर की गई टिप्पणी से नाराज है। लगभग एक दर्जन की संख्या में अयोध्या के व्यापारियों ने कोतवाली में पहुंचकर मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेजे जाने के लिए तहरीर दी है। मौर्य के विवादास्पद बयान को लेकर साधु संत, मुस्लिम समुदाय भी नाराजगी जता चुका है।
व्यापारी नेता पंकज गुप्त ने बताया कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से जो रामचरितमानस पर विवादित बयान दिया गया है, इससे अयोध्या के व्यापारी, स्थानीय नागरिक और अन्य सभी लोग आहत हैं। लोगों में काफी रोष है। व्यापारी राधेश्याम गुप्त ने कहा कि सपा नेता ने बहुत ही घृणित काम किया है। उनका सार्वजनिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। सभी राजनीतिक दलों की ओर से भी बहिष्कार किया जाना चाहिए। इस मौके पर तमाम व्यापारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - रामचरित मानस पर बिहार के मंत्री और स्वामी प्रसाद की टिप्पणी हिंदू संगठन ने किया बड़ा प्रदर्शन
