दिग्विजय सिंह के बयान के खिलाफ शिवसेना डोगरा फ्रंट का जम्मू में प्रदर्शन
जम्मू। शिवसेना डोगरा फ्रंट (एसएसडीएफ) ने 'सर्जिकल स्ट्राइक' और पुलवामा आतंकी हमले पर कथित विवादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मंगलवार को जम्मू में विरोध प्रदर्शन किया। एसएसडीएफ के अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता जम्मू के रानी पार्क इलाके में एकत्र हुए और दिग्विजय सिंह तथा कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
एसएसडीएफ के कार्यकर्ताओं ने कथित टिप्पणी को लेकर दिग्विजय सिंह से माफी की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस को उन्हें पार्टी से निकाल देना चाहिए। उन्होंने इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का रुख भी जानना चाहा।
दिग्विजय सिंह ने सोमवार को सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हुए सरकार पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया था। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई थी और पुलवामा में 2019 के एक आतंकी हमले में 40 सैनिकों को अपना बलिदान देना पड़ा।
अपनी टिप्पणियों से अकसर विवाद खड़ा करने वाले, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं। कांग्रेस ने सिंह की टिप्पणियों से खुद को यह कहते हुए अलग कर लिया कि यह उनके अपने निजी विचार हैं और पार्टी की राय उनसे अलग है।
एसएसडीएफ के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने दिग्विजय सिंह की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने सशस्त्र बलों और शहीदों का अपमान किया है। शिवसेना डोगरा फ्रंट के नेता ने कहा, दिग्विजय सिंह को भारत विरोधी और सशस्त्र बल विरोधी बयान देने की आदत है। राहुल गांधी को उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।
ये भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर IMPARD में अवैध भर्ती के आरोपों की जांच के लिए समिति गठित
