मुरादाबाद: एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई, गन्ना समिति का सुपरवाइजर रिश्वत लेते गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किसान से गन्ने का सट्टा नाम कराने के लिए मांगे थे 2000 रुपए, मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा

एंटी करप्शन टीम की गिरफ्त मेंआरोपी सुपरवाइजर जगदीश कुमार

बिलारी(मुरादाबाद), अमृत विचार। किसान से गन्ने का सट्टा उसके नाम करवाने के नाम पर 2,000 रुपये की रिश्वत लेते गन्ना समिति के सुपरवाइजर को एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। 

जनपद संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव जहांगीरपुर निवासी भगवान दास पुत्र दयाराम ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि बिलारी गन्ना विकास परिषद के सुपरवाइजर जगदीश कुमार उसके पिता की मृत्यु हो जाने के बाद उसके नाम पर गन्ने का सट्टा दर्ज करवाने के नाम पर उससे 2,000 रुपये ले चुके हैं। परंतु अभी तक काम नहीं किया है।

 किसान का कहना था कि सुपरवाइजर जगदीश उससे दोबारा 2,000 रुपये की मांग कर रहा है। इसके बाद उसने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। शिकायत पर  टीम के प्रभारी विजय कुमार सिंह  उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को बिलारी पहुंचे। जैसे ही किसान भगवान दास ने गन्ना समिति के सुपरवाइजर जगदीश को रुपए दिए टीम ने धर दबोचा। विजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार हुआ है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : 16 साल से फरार गोकशी का आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार