मन्दिर निर्माण को लेकर तैयारी पूरी, बस मौसम दे साथ: चम्पत राय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर निर्माण को लेकर हमारी सब प्रकार से तैयारी पूरी है। बस मौसम का साथ चाहिए, वर्षा काल थोड़ा सी राहत दे दे हमें। निर्माण में ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा जिससे आंधी- पानी और आपदा में भी राम मंदिर 1000 साल तक टिका रहे। उक्त जानकारी भूमिपूजन के बाद …

अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर निर्माण को लेकर हमारी सब प्रकार से तैयारी पूरी है। बस मौसम का साथ चाहिए, वर्षा काल थोड़ा सी राहत दे दे हमें। निर्माण में ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा जिससे आंधी- पानी और आपदा में भी राम मंदिर 1000 साल तक टिका रहे। उक्त जानकारी भूमिपूजन के बाद शुक्रवार को कारसेवक पुरम में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय दी।

उन्होंने कहा कि लोहा उम्र घटाता है। ऐसे में निर्माण में लोहे समेत ऐसे किसी सामान का उपयोग नहीं होगा, जिससे उम्र घटती हो। हमारी सोच है कि यह मंदिर 1000 साल तक आंधी तूफान सहता रहेगा। उसकी तैयारी की है, तकनीकि का इस्तेमाल होगा,लेकिन कब होगा ? कब से होगा ? यह बताना तो कपोल कल्पित है।

श्री राय ने कहा ’जितनी मेरी अल्प बुद्धि की जानकारी है। नींव जमीन के नीचे वैसे जाएगी,जैसे नदियों के नीचे गलाए जाते हैं। नदियों में गलाए जाने वाले खंभों में लोहा पड़ता है। यहां लोहा नहीं पड़ेगा,लेकिन हां लार्सन एंड टूब्रो के लोग मानसिक रूप से तैयार हैं।’ कहा कि आज हमारे पास जितनी जमीन है।उस संपूर्ण जमीन को दिमाग में रखकर कैलकुलेशन किया जा रहा है। आगे सरकार जाने। समाज के लोग भारत सरकार को देंगे तो वह प्रदेश सरकार से लेगी अथवा किसी और से लेगी। ऐसी मेरी सोच है।

ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने कहा कि यह देश,इस देश का सम्मान जितना मेरा है, उतना आप सब का है।किसी पर किसी ने उपकार नहीं किया। देश का सम्मान बढ़ाने के लिए सब ने अपने अपने धर्म का पालन किया। दुहराया कि मैंने अनेकों बार आपके बीच में कहा है कि ’रामलला का मंदिर हिंदुस्तान की मूंछ का सवाल है अर्थात हिंदुस्तान के सम्मान का सवाल है’।उन्होंने राम मंदिर व भूमिपूजन विषय को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए मीडिया का अभिवादन किया।

सुरक्षा और व्यवस्था में लगे पुलिस-प्रशासन, स्वच्छता, निर्माण, बिजली, पानी जितने भी विभाग हैं, उनके लिए भगवान की कृपा प्राप्त होने की कामना की।कहा कि कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए सभी लोगों ने रात दिन काम किया। एसएसपी तो 8 दिन पहले ही आए थे। पैदल चल चलकर उन्होंने अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन किया। टेंट लगाने वाला छोटा सा लड़का तो दिन रात लगा रहा। पत्रकार वार्ता के दौरान ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र भी मौजूद थे।

संबंधित समाचार