गोंडा: सड़क हादसे में कटरा BDO राम प्रकाश का निधन, महादेवा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ दर्दनाक हादसा
गोंडा, अमृत विचार। गुरुवार की सुबह गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए ब्लॉक मुख्यालय जा रहे कटरा ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी रामप्रकाश मौर्य का सड़क हादसे में निधन हो गया। बीडीओ के निधन से प्रशासनिक हमले में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खंड विकास अधिकारी राम प्रकाश मौर्या की तैनाती कटरा बाजार ब्लाक में थी। गुरुवार की सुबह गणतंत्र दिवस के मौके पर वह राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए ब्लाक मुख्यालय जाने के लिए गोंडा से निकले थे। कुछ ही दूर पर वह कटरा मार्ग पर महादेवा रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे तो क्रासिंग बंद थी। इस पर वह अपनी कार से उतरकर बाहर खड़े हो गए और पानी पीने लगे। इसी बीच ओवरब्रिज निर्माण में लगे एक क्रेन ने उन्हें ठोकर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि क्रेन का चालक क्रेन बैक कर रहा था और बीडीओ बैक होते क्रेन को देख नहीं सके। क्रेन की ठोकर लगने से वह सड़क पर गिर गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पल हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस की छानबीन में बीडीओ की पहचान हुई।
तत्काल इसका सूचना प्रशासनिक अफसरों को दी गई तो पूरे अमले में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं बीडीओ राम प्रकाश के निधन की खबर से कटरा ब्लाक में भी मातम पसरा गया।
यह भी पढ़ें:-बरेली : लड़की की किडनैपिंग से मचा हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस
