पीलीभीत : दो महीने पहले सुलह कर ससुराल आई विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, हत्या का आरोप 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पीलीभीत/पूरनपुर,अमृत विचार। दो माह पहले ही परामर्श के बाद हुई सुलह पर ससुराल पहुंची विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालियों ने पति से विवाद के बाद फंदा लगाकर जान देने की बात कही, जबकि मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज छानबीन में जुटी रही।  

सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के ग्राम निजामपुर के रहने वाले राजेश कुमार की 20 वर्षीय पुत्री मोनिका की शादी दो साल पहले थाना क्षेत्र के ही ग्राम हीरपुर के निवासी रघुवीर से हुई थी। मायके पक्ष के अनुसार विवाहिता को शुरुआत से ही ससुराल में दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया जाता था। दो साल की शादी में डेढ़ साल तक वह मायके में ही रही। इसकी एफआईआर भी उनके द्वारा दर्ज कराई गई थी। फिर न्यायालय में परामर्श केंद्र में दो माह पहले ही समझौता हुआ था। जिसके बाद मोनिका वापस ससुराल रहने पहुंची थी। कुछ दिन तो सब ठीक चलता रहा, लेकिन उसके बाद दोबारा बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आए दिन मारपीट की जाती थी।  

गुरुवार को भी ससुरालियों ने पहले हत्या की और फिर शव को खुदकुशी का रूप देते हुए फंदे से लटका दिया। इसकी सूचना भी ससुरालियों द्वारा मायके वालों को नहीं दी गई। अन्य ग्रामीणों से घटना का पता लगने पर जब वह पहुंचे तो शव पोस्टमार्टम को भेजा जा चुका था। उधर, ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता का पति बीमार है। वह उसके साथ रहना नहीं चाहती थी। 

इसे लेकर घटना के दिन दंपति में झगड़ा हो गया था। फिर विवाहिता दूसरे कमरे में गई और फंदा लगाकर जान दे दी। शव फंदे से लटका मिला तो सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। उसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर भी दोनों पक्षों में आरोप प्रत्योराप को लेकर कहासुनी होती रही। जिसे पुलिसकर्मियों ने शांत कराया।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: महिला से जबरन तहरीर लिखवाने में न्यूरिया पुलिस को क्लीन चिट, कार्रवाई में जुटे अफसर

संबंधित समाचार