शाहजहांपुर : बसंत पंचमी पर रामचंद्र महाराज की दिव्य श्वेत प्रतिमा का अनावरण

शाहजहांपुर : बसंत पंचमी पर रामचंद्र महाराज की दिव्य श्वेत प्रतिमा का अनावरण

शाहजहांपुर, अमृत विचार। बसंत पंचमी पर गुरुवार को अजीजगंज तिराहा पर नवनिर्मित सहज मार्ग जंक्शन नामक पार्क का भव्य उद्घाटन किया गया। इस मौके पर मिशन के संस्थापक श्रीरामचंद्र महाराज (बाबूजी) की दिव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। प्रतिमा का अनावरण आरसी मिशन के अध्यक्ष और हार्टफुलनेस के ग्लोबल गाइड कमलेश डी पटेल दाजी ने कान्हा शांतिवनम हैदराबाद से वर्चुअली बटन दबाकर किया। इस दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार, एमएलसी सुधीर गुप्ता समेत मिशन के अनेक अनुयायी मौजूद रहे।  

बसंत पंचमी पर सुबह से ही अजीजगंज स्थित नवनिर्मित पार्क सहज मार्ग जंक्शन के लोकार्पण के समय श्री रामचंद्र मिशन से जुड़े सैकड़ों अनुयायी आयोजन स्थल पर पहुंचने शुरू हो गए थे। आयोजन स्थल श्रद्धा और भक्ति और उल्लास की त्रिवेदी बन चुका था। सुबह लगभग पौने दस बजे मिशन अध्यक्ष कमलेश डी पटेल दाजी ने हैदराबाद से वर्चुअली बटन दबाकर मूर्ति का अनावरण किया। बाबूजी की दिव्य प्रतिमा के आगे लगा सुर्ख लाल रंग का परदा धीरे-धीरे सरकने लगा। अनावरण होते ही मशीन से गुलाब की पंखुड़ियों की बौछार श्वेत रंग की आकर्षक प्रतिमा पर होने लगी। आरसी मिशन से जुड़े सैकड़ों महिलाओं और पुरुष हाथ जोड़े और टकटकी लगाए मूर्ति को निहारते रह गए। तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा।

शाहजहांपुर केंद्र के प्रभारी और बाबूजी महाराज के सुपुत्र सर्वेश चंद्रा और प्रशिक्षक उद्योगपति माधोगोपाल अग्रवाल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पूरे विश्व में सहज मार्ग साधना पद्धति के माध्यम से एक आध्यात्मिक आंदोलन के प्रणेता और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक महात्मा रामचंद्र जी महाराज की प्रतिमा की स्थापना उनके अनुयायियों ही नहीं, जनपदवासियों के लिए भी गौरव की बात है। इससे पहले पूर्व आईएएस अधिकारी हार्टफुलनेस प्रशिक्षक पंकज सिन्हा ने मिशन के बारे में उपयोगी जानकारी दी। बताया: सहज मार्ग साधना पद्धति विश्व में एक आध्यात्मिक आंदोलन बन चुका है। पार्क निर्माण और प्रतिमा स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षक माधोगोपाल अग्रवाल ने कहा कि आने वाली पीढ़ी बाबूजी महाराज के बारे जान सके, इसलिए ही सहज मार्ग जंक्शन का निर्माण किया गया है। 

हर्ष अग्रवाल के संचालन में चले कार्यक्रम में मिशन के जोन प्रभारी दीपक त्यागी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रसाद भी वितरित किया गया। लोकार्पण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, कमलेश खन्ना, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, विनोद अग्रवाल, डॉ. परविंदर सिंह, डॉ. रवि मोहन, विजय कुमरा, रामचंद्र सिंघल, सुरेश सिंघल, राज गोपाल अग्रवाल, श्रीगोपाल अग्रवाल, हरगोविंद मोदी, हितेश अग्रवाल, सुयश सिन्हा, अर्जुन अग्रवाल, दिव्य अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, शिल्पी गुप्ता, अमित अग्रवाल, सुनील अग्रवाल समेत सैकड़ों अनुयायी मौजूद रहे। 

मिशन अध्यक्ष दाजी को मिलेता पद्म भूषण अवार्ड
श्री रामचंद्र मिशन के अध्यक्ष और हार्टफुलनेस मेडीटेशन के ग्लोबल गाइड कमलेश डी पटेल दाजी को भारत सरकार की ओर से पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार अध्यात्म के माध्यम से मानवता के उत्थान की दिशा में किए गए प्रयासों को मान्यता देते हुए दिया गया है। दाजी हार्टफुलनेस के मार्गदर्शक हैं। वह एक प्रवर्तक एवं शोधकर्ता हैं। पद्म भूषण पुरस्कार के लिए दाजी को नामित किए जाने पर अनुयायियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कोर्ट ने दिया एक व्यक्ति की पिटाई के मामले मे छह पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश