हल्द्वानी: लाखों खर्च कर बनाए आशियाने, इनको तोड़ने से क्या होगा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सुप्रीम कोर्ट में बनभूलपुरा वासियों की पैरोकारी कर रहे सीनियर अधिवक्ता कोलिन गोंजालविज गुरुवार को खुद बनभूलपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने विवादित भूमि का दौरा किया और लोगों से बातचीत की। उन्होंने लोगों को सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा रखने के लिए कहा। 
 

बता दें कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम का न्यौता सुप्रीम कोर्ट के सीनियर अधिवक्ता कोलिन गोंजालविज को भी भेजा था, लेकिन वह आ नहीं सके। कोलिन ने बताया कि वह यहां वर-वधू को आर्शिवाद देने के लिए आए थे।

जिसके बाद उन्होंने अब्दुल मतीन सिद्दीकी के साथ काठगोदाम से लेकर इंद्रानगर ठोकर तक विवादित भूमि का दौरा किया। वह लोगों से मिले और लोगों ने उन्हें अपने सालों पुराने टैक्स के कागज, पट्टे, बिजली और पानी के बिल दिखाए। जिसके बाद उन्होंने कहा, बनभूलपुरा एक शानदार कालोनी है। लोगों ने लाखों-लाख रुपये खर्च कर यहां अपने आशियाने बनाए हैं। आखिर इनको तोड़ने से क्या होगा। आखिर क्या मतलब है इनको तोड़ने का। 
 

उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग, प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार को भी इसमें सहानुभूति पूर्ण रवैया अपनाना चाहिए। क्योंकि यहां जो लोग निवास करते हैं वह इसी देश के नागरिक हैं। हम लोगों को सुप्रीम कोर्ट, प्रदेश एवं केंद्र सरकार से पूरी उम्मीद है कि वह किसी की भी छत नहीं छिनने देंगे।

संबंधित समाचार