बाजपुर: प्राचार्या पर ध्वजारोहण में देर से पहुंचने का आरोप...
बाजपुर, अमृत विचार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गणतंत्र दिवस पर होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए निर्धारित समय से करीब 20 मिनट बाद पहुंचीं प्राचार्या के विरुद्ध छात्रसंघ ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर कार्रवाई की मांग की गई है।
गुरुवार को एसडीएम दफ्तर पहुंचे छात्रसंघ पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया। उनका कहना था कि गणतंत्र दिवस 2023 के पावन अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में प्रात: 9.30 बजे झंडारोहण होना तय था। झंडारोहण नियमानुसार प्रभारी प्राचार्या डॉ. मनुहार आर्य द्वारा किया जाना था। आरोप है कि समय से कार्यक्रम में नहीं पहुंचकर प्राचार्या द्वारा राष्ट्रीय कार्यक्रम का अपमान किया गया है।
छात्रसंघ पदाधिकारियों ने झंडारोहण के निर्धारित समय का सम्मान करते हुए महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. कुमार विमल लखटकिया से झंडारोहण करवा दिया। करीब 20 मिनट देरी से महाविद्यालय पहुंची प्राचार्या उनकी गैर मौजूदगी में ध्वजारोहण होने पर आग बबूला हो गईं।
इतना ही नहीं देरी का करण जानने का प्रयास करने पर छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इससे आक्रोशित विद्यालयों ने प्राचार्या के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए महाविद्यालय में प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। वहीं ज्ञापन में मामले की जांच कर प्रभारी प्राचार्या के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक कुमार, उपाध्यक्ष गौरव, सचिव पूजा शर्मा, कोषाध्यक्ष सत्यम रुहेला, उपसचिव धर्मपाल, रितिक यादव मौजूद थे।
