प्रयागराज में माघ मेला पंडाल में लगी आग, 5 श्रद्धालु झुलसे 

प्रयागराज में माघ मेला पंडाल में लगी आग, 5 श्रद्धालु झुलसे 

प्रयागराज, अमृत विचार। प्रयागराज में गंगा नदी की रेती पर लगे माघ मेला पंडाल में आग लग गयी है। इस हादसे में 5 श्रद्धालुओं के झुलसने की खबर है। ये हादसा भारद्वाज पंडाल में होने की खबर है। सूत्रों के अनुसार हादसा रसोई गैस सिलिंडर का वॉल्व फटने से हुआ है। वॉल्व फटने से  पंडाल में आग लग गयी। इस घटना उस समय हुई जब पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए खाना बनाया जा रहा था। मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौजूद हैं। आग लगने से हर तरफ अफरातफरी मच गयी। मेले में जाने के तकरीबन सभी रास्तों पर जाम लगा हुआ है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को सँभालने में जुटे हैं।

भोजन पकाते समय हुआ हादसा 
जिस समय हादसा हुआ उस वक्त महिला श्रद्धालु गैस सिलेंडर से भोजन पका रही थी। भोजन पकाते समय सिलेंडर में लीकेज हुआ इसके बाद उसका वॉल फट गया। वॉल फटने के बाद सिलेंडर धू-धू कर जलने लगा। सिलेंडर से निकलने वाली तेज लपटों ने पंडाल को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग विकराल होने लगी और किचन में खाना बना रहे श्रद्धालुओं को भागने का मौका नहीं मिला। आग की चपेट में आने से एक महिला श्रद्धालु समेत चार अन्य लोग झुलस गए। सभी झुलसे लोगों को स्वरूप रानी नेहरू मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्रतापगढ़ के रहने वाले श्रद्धालु सेक्टर चार में ब्रह्मा ऋषि स्वामी आत्मानंद भक्ति के शिविर में रुके हुए थे। शनिवार को पूजा के बाद वहां भंडारे का आयोजन किया गया था। भंडारे का प्रसाद बनते समय यह हादसा हुआ। आग लगने से किचेन का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया और आग फैलने नहीं पाई।

ये भी पढ़ें - स्वामी प्रसाद मौर्य पर भड़के साधु-संत, कहा - पागल की जगह होती है जेल