संभल: फसल की रखवाली कर रहे किसान की सांड के हमले से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छुट्टा पशु के हमले से जिले में कई किसानों की जा चुकी है जान, इन पशुओं के संरक्षित न होने से लोगों में रोष

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव चंडरौआ में रविवार शाम अपने खेत पर फसल की रखवाली कर रहे किसान को सांड ने जमीन पर पटक कर मार डाला। हालांकि परिजन जिंदगी की आस में उपचार के लिए किसान को मुरादाबाद ले गए। लेकिन उपचार से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। घटना को लेकर पीड़ित परिजनों न ग्रामीणों में आक्रोश है। 
 
कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव चंडरौआ में जयवीर (50) का परिवार रहता है। रविवार शाम वह गेहूं की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गया था। फसल से छुट्टा गोवंश को निकालते समय सांड ने किसान जयवीर पर हमला कर दिया। सांड उसको खेत में पटक कर मारने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में रखवाली कर रहे किसान लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सांड से जयवीर को बचाया। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन आनन-फानन निजी वाहन से उपचार के लिए शाहबाद ले गए। 

जहां से गंभीर हालत में घायल को रात में ही मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। मुरादाबाद पहुंचते ही जयवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं क्षेत्र के लोगों में छुट्टा गोवंश को लेकर रोष है। लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार के आदेश के बावजूद भी ग्रामीण क्षेत्रों में अभी छुट्टा गोवंश पशुओं को संरक्षित करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे छुट्टा गोवंश किसानों पर लगातार हमले कर रहे हैं। अब तक कई किसानों की जान जा चुकी है और काफी किसान घायल हुए हैं। 

आवारा सांड के हमले से किसान की मौत की सूचना प्राप्त हो गई है।  ग्रामीणों ने सांड को पकड़ लिया है। उसे गाड़ी में लादकर वहां से लाया जा रहा है। - नरेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी, ब्लॉक बनियाखेड़ा

ये भी पढ़ें:- बिजनौर : 20 लाख रुपये फिरौती मांगने पर दो सिपाहियों सहित चार लोग गिरफ्तार

संबंधित समाचार